Kanpur News: कानपुर में शोहदे से परेशान छात्रा ने दी जान, परिजनों में आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, कानपुर/अमृत विचार। पुलिस की लचर कार्यप्रणाली के चलते शोहदों का आतंक चरमसीमा पर है। जिसके कारण शहर के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में शोहदों से तंग आकर हाल ही में कई किशोरियां व छात्राएं जान दे चुकी हैं। इन मामलों में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। जिससे शोहदों के हौंसले बुलंद हैं। एक ऐसा ही मामला हरबंश मोहाल थानाक्षेत्र में देखने को मिला, जहां शोहदे से परेशान होकर छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी दूसरे समुदाय के होने के कारण परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।  

   हरबंश मोहाल निवासी गिरधारी की 21 वर्षीय पुत्री रेनू उर्फ रीना ने बुधवार को फांसी लगाकर जान दे दी। भाई अरुण कश्यप ने बताया कि उसकी दो और बहनें निधि और रेशू हैं। उसने बताया कि मोहल्ले का रहने वाला दूसरे समुदाय का एक युवक लगातार उसकी बहन को लगाकर कॉलेज जाते परेशान करता था। उसके अनुसार बाजार या फिर किसी नाते रिश्तेदार के घर जाने पर रास्ते में गंदी-गंदी फब्तियां कसता था। इस बात का विरोध करने पर उसने बहन को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

भाई के अनुसार पिछले चार माह से शोहदा लगातार बहन के बाहर निकलने पर घात लगाकर परेशान करता था। लेकिन उसने कभी भी लोक लाज के डर से उन लोगों को नहीं बताया। भाई के अनुसार इंटर करने के बाद कॉलेज जाती थी। अरुण के अनुसार बुधवार को सभी लोग अपने काम से चले गए थे। इसी दौरान उसने अकेला पाकर कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

छोटी बहन निधि के स्कूल से पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद दिखा तो उसे शंका हुई। उसने शोर मचाते हुए और लोगों को बुला लिया। सभी परिजनों को सूचना दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंचे सभी लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़कर दिया। जहां का नजारा देखकर उन लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर फोरेंसिक को बुला लिया। टीम ने घटनास्थल के साक्ष्य जुटाए।

रेशू ने दी जानकारी तो उड़ गए होश 
भाई अरुण के अनुसार घटना के बाद मां सुम्मी कश्यप बेसुध हैं। उसके अनुसार बहन के फांसी लगाने के बाद सभी लोग यही सोच रहे थे, ऐसी क्या बात थी कि जान दे दी। किसी से कोई लड़ाई झगड़ा नहीं था। इतने में ही उसकी छोटी बहन रेशू ने सबको चौकाने वाली बात बताई। उसने कहा कि पिछले चार माह से मोहल्ले का शोहदा दीदी रेनू को परेशान कर रहा था। एक दिन उसके सामने भी दीदी से छींटाकशी की थी। लेकिन उन्होंने इस बात को बताने से साफ मना कर दिया था। घटना के बाद से शोहदा फरार है। थाना पुलिस के अनुसार परिजनों के तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-उमेश पाल हत्याकांड: अतीक और अशरफ से 96 घंटों में पूछे जाएंगे 200 सवाल

संबंधित समाचार