जम्मू-कश्मीर : सेना, पुलिस ने चेनाब घाटी के युवाओं से संपर्क के लिए अभियान चलाया
जम्मू। पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा युवाओं को बरगलाकर जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने के प्रयासों के बीच सेना और पुलिस ने अपनी जवाबी रणनीति के तहत चिनाब घाटी में युवाओं से संपर्क करने के लिए व्यापक कार्यक्रम शुरू किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि चिनाब घाटी के तीन जिलों... डोडा, किश्तवाड़ और रामबन में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के लिए आतंकवादियों द्वारा अपनाई जा रही एक नयी रणनीति का संकेत मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संपर्क कार्यक्रम तैयार किया। अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में विभिन्न आतंकी कमांडर द्वारा सीमा पार से कॉल किए जाने के मामलों में वृद्धि हुई है, जिनका मकसद युवाओं को बरगलाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करना है।
एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, जवाबी रणनीति के तहत तीन जिलों में 80 से अधिक युवाओं को निगरानी में रखा गया है, 60 से पूछताछ की गई और 11 के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि युवकों से पूछताछ में पता चला है कि उनमें से ज्यादातर के रिश्तेदार सीमा पार रहते हैं।
ये भी पढ़ें : भाजपा के साथ हमारी लड़ाई विचारधारा की: अशोक गहलोत
