Farrukhabad News : रोटावेटर में फंस कर किसान की मौत, पत्नी बोली- भाजपा नेता व दो लोगों ने मिलकर की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में रोटावेटर में फंस कर किसान की मौत हो गई।

फर्रुखाबाद में रोटावेटर में फंस कर किसान की मौत हो गई। परिजनों ने भाजपा नेता व दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। रात में खेत जोतने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में रोटावेटर में फंसने से मौत हो गई। बुलाने के लिए खेत पर गए पुत्र को पिता रोटावेटर में फंसे मिले और ट्रैक्टर बंद था। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी ने पुरानी रंजिश में पति की हत्या करने का आरोप गांव के भाजपा नेता व दो लोगों पर लगाया है। 

शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिकंदरपुर महमूद निवासी रवीश कुमार राजपूत (45) गुरुवार रात एक बजे ट्रैक्टर रोटावेटर लेकर खेत जोतने गए थे। घर न लौटने पर सुबह पुत्र विकास खेत पर गया। वहां ट्रैक्टर बंद खड़ा था और उसमें लगे रोटावेटर में पिता रवीश कुमार दबे हुए थे। उसने देखा तो पिता की मौत हो चुकी थी। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पत्नी लक्ष्मीदेवी अन्य परिजनों के साथ खेत पर पहुंचे। शव देखकर रोने बिलखने लगे। पुत्र विकास ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की।

पत्नी ने बताया कि 12 सितंबर को उसकी बकरी एक ग्रामीण के घर में चली गई थी। जिसको लेकर ग्रामीण से  पति का विवाद हो गया था। दूसरे पक्ष ने उसके पति व अन्य परिजनों के खिलाफ जान लेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। 21 सितंबर को पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एक माह बाद पति जेल से छूट कर आए। पत्नी ने एक भाजपा नेता और गांव के दो लोगों पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि पति के खिलाफ झूठा मुकदमा भी भाजपा नेता के दबाव में पुलिस ने लिखा था, तभी पति को जेल जाना पड़ा था। आरोपियों ने पति को जान से मारने की धमकी दी थी।

सीओ कायमगंज सोहराब आलम भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुत्र विकास ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ मनोज कुमार भाटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद पत्नी लक्ष्मी देवी और पुत्री अंजू रवीश का शव देखकर रोते रोते बेहोश हो गई। अन्य परिजनों ने पानी डालकर उनको होश में लाए।

संबंधित समाचार