हरदोई में भाजपा के टिकट को लेकर अटकलों का बाजार गर्म
हरदोई, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव में जिले की नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में सत्ता दल का टिकट किसको मिलेगा इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पूरे दिन लोग अटकलबाजियां करते दिखे।
बताते चलें कि जिले में 4 मई को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही है ।17 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। चुनावों में अध्यक्ष पद पर भाजपा किसे प्रत्याशी बनाएगी इसको लेकर अटकल बाजिया तेजी से चल रही हैं ,हालांकि भाजपा कोर कमेटी की जिले में बैठक हो चुकी है । प्रत्याशियों के पैनल राज्य मुख्यालय पहुंच चुके हैं। राज्य मुख्यालय से भी केंद्रीय नेतृत्व को सूची जा चुकी है। किसी भी समय प्रत्याशियों का ऐलान हो सकता है लेकिन इस बीच विभिन्न नगर पालिका और नगर पंचायतों में सत्ता दल के प्रत्याशी को लेकर लोग पिछले 4 दिनों से अटकलें लगा रहे हैं। अटकलों का बाजार काफी गर्म है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने प्रत्याशी तक घोषित कर दिए हैं, लेकिन यह घोषणा हकीकत से कोसों दूर है। फिलहाल सत्ता दल का टिकट चाहने वाले भी आखरी दम तक अपना प्रयास करने में लगे हुए हैं।
प्रत्याशियों से ज्यादा उनके समर्थकों व आम जनता में भाजपा के टिकट को लेकर उत्सुकता है। चाय- पान की दुकान से लेकर कार्यालयों तक में यही चर्चा होती रही कि फला नगर पालिका में भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा ? फला नगर पंचायत में भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा? हर जगह टिकट को लेकर ही चर्चा चल रही है। हालांकि भाजपा के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार शनिवार की देर शाम तक किसी भी समय प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है, लेकिन घोषणा होने तक चर्चाएं तेजी से चल रही हैं।
ये भी पढ़ें - UP Nikay Chunav 2023 : सपा ने मेयर पद के छह उम्मीदवारों की सूची की जारी, बरेली से संजीव सक्सेना को मिला टिकट
