मुरादाबाद: ग्राम पंचायत मिलक अमावती को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ग्राम प्रधान गार्गी को कल दिल्ली में करेंगी सम्मानित
मुरादाबाद,अमृत विचार। डिलारी विकास खंड की ग्राम पंचायत मिलक अमावती देश की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए मिसाल बन गई है। गांव में विकास कार्यों के दम पर इसे नानाजी देशमुख सर्वोत्तम राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार मिला है। 17 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में यहां की ग्राम प्रधान गार्गी चौधरी को सम्मानित करेंगी।
देश में जनपद का नाम रोशन करने वाली ग्राम पंचायत मिलक अमावती की प्रधान गार्गी पति अनिल चौधरी और पंचायत सचिव गौरव कुमार के साथ रविवार की सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगी। सरकार की ओर से दिल्ली के एक होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। सोमवार को राष्ट्रपति ग्राम प्रधान को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।
ग्राम प्रधान गार्गी का कहना है कि गांव में विकास कार्य के लिए एक दिन सम्मान मिलेगा सोचा ताे नहीं था। लेकिन, इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आवेदन जरूर किया था। पूरे देश से ढाई लाख ग्राम पंचायतों के आवेदनों में मेरी ग्राम पंचायत को यह सौभाग्य मिला है। बताया कि गांव में विकास कार्य उनके पति और देवर देखते हैं। गांव की सड़कें, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, परिषदीय स्कूल, सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य में कोई समझौता नहीं किया।
कई बार पंचायत निधि की धनराशि का इंतजार नहीं किया और विकास कार्यों में अपनी पूंजी लगानी पड़ी। वर्ष 2021 में ग्राम प्रधान बनने के बाद में गांव में चौतरफा विकास कार्य कराते हुए कोई भेदभाव नहीं किया। इससे पहले 2015 में प्रधानी हमारे ही परिवार में रही है। राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर ग्रामवासी ही नहीं रिश्तेदारों में खुशी है।
गांव के लोग ही नहीं पूरा जनपद गर्व की अनुभूति कर रहा है। गार्गी चौधरी ने बताया कि गांव में विकास कार्य अपना धर्म समझकर करती हूं और धर्म के काम में कोई ज्यादा सोचा समझा नहीं जाता है। बस नीयत साफ होनी चाहिए। गांव में जनसेवा केंद्र की आईडी भी प्रशासन की तरफ से मिली है। जिसका लाभ भी ग्रामीणों को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें:- संभल: पति मांसाहारी भोजन बनवाने की जिद पर अड़ा, पत्नी ने छोड़ दी ससुराल
