मुरादाबाद : मारपीट में घायल वृद्ध की उपचार के दौरान मौत, चार के मुकदमा दर्ज
खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ काटने को लेकर हुआ था विवाद
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। गांव मानावाला टांडा में चार दिन पूर्व खेत की मेढ़ पर खड़े पेड़ काटने के विवाद में हुई मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने चार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गांव के राम कुंवर पुत्र हरदेव सिंह बंजारा (65) निवासी मानावाला टांडा ने 14 अप्रैल को अपनी पत्नी प्रेमवती के साथ कोतवाली पहुंचकर गांव के कुछ लोगों पर यूकेलिप्टस के पेड़ काटने के विवाद में मारपीट करने आरोप लगाया था। बचाने आई उसकी पत्नी प्रेमवती को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया था। प्रेमवती की तहरीर पर पुलिस ने गांव के चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी।
सोमवार सुबह घायल राम कुंवर की इलाज के दौरान मौत हो गई। सीओ राजेश तिवारी ने पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने प्रेम प्रेमवती की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसमें गांव के गुड्डू पुत्र पूरन, सरोज पत्नी गुड्डू, मनोज पुत्र पूरन, नीतू पत्नी मनोज को नामजद किया है। एक आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
ये भी पढ़ें:- संभल: सौतेली मां ने पीट-पीटकर की थी मासूम की हत्या
