मुरादाबाद : भूमि विवाद में निर्यातक व होटल कारोबारी आमने-सामने, रिपोर्ट

दोनों ने एक-दूसरे पर रंगदारी मांगने का लगाया आरोप, क्रॉस केस दर्जकर जांच में जुटी सिविल लाइंस पुलिस

मुरादाबाद : भूमि विवाद में निर्यातक व होटल कारोबारी आमने-सामने, रिपोर्ट

मुरादाबाद, अमृत विचार। करोड़ों की भूमि पर कब्जे के विवाद में महानगर के दो बड़े व्यवसायी आमने-सामने आ गए हैं। तहरीर के आधार पर दोनों ही पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए सिविल लाइंस पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दो कारोबारियों के बीच भूमि विवाद पर पुलिस के उच्चाधिकारियों की नजर गड़ी हुई है।

होटल कारोबारी ऋषि छाबड़ा ने एसएसपी को तहरीर दी। बताया कि 12 मार्च 2023 की सुबह 10 बजे मजदूरों के साथ वह अपने प्लाट की टूटी दीवार का पुर्ननिर्माण करा रहे थे। तभी दिल्ली रोड स्थित इलेवन ऑर्चिड निवासी अनिल तोमर, अकबर किला निवासी निर्यातक अदनान अकबर कय्यूम व उनकी मां अफसरी खातून के अलावा अन्य लोग मौके पर पहुंचे।

 अनिल तोमर ने मजदूरों पर पिस्टल लगाते हुए ऋषि छाबड़ा से कहा कि रंगदारी के रूप में एक करोड़ रुपये दो। तब दीवार बनने दी जाएगी। इस दौरान आरोपियों ने मजदूर फरमान की पीठ पर सरिया से वार किया। मारपीट के कारण मजदूर भाग गए। उधर, कोर्ट में कांठ रोड अकबर किला निवासी अदनान अकबर कय्यूम ने याचिका दाखिल करते हुए बताया कि सोनकपुर में उनकी जमीन है। 

कुछ लोग उस पर कब्जा करना चाहते हैं। 12 मार्च सुबह साढ़े नौ बजे कुछ लोग जमीन की चहारदीवारी तोड़ रहे थे। वह संजीव कुमार, जयदीप मान के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मानसरोवर कॉलोनी निवासी ऋषि कुमार छाबड़ा अपने बेटे दीपक छाबड़ा के साथ जेसीबी की मदद से प्लाट की चहारदीवार तोड़ रहे थे। उनके साथ अन्य लोग भी थे। हथियारबंद आरोपियों ने रंगदारी के रूप में दो करोड़ रुपये मांगे। आरोपियों ने कहा कि यदि रुपये नहीं मिले तो वह प्लाट पर कब्जा कर लेंगे।

दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरी घटना उच्चाधिकारियों की जानकारी में हैं। जांच जारी है। तथ्यों व अभिलेखों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी।

ये भी पढ़ें:- Myanmar: जेल से बाहर आएंगी आंग सान सूकी! 3000 से अधिक कैदियों को रिहा करेगी म्यांमार की सैन्य सरकार

ताजा समाचार