Fatehpur News : सपा को रास नही आई सदर के विकास की रफ्तार, खाते में सीट होने के बावजूद काट दिया गया टिकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में सपा को सदर के विकास की रफ्तार रास नहीं आई।

फतेहपुर में सपा को सदर के विकास की रफ्तार रास नहीं आई। खाते में सीट होने के बावजूद टिकट काट दिया गया। सपा ने मुस्लिम प्रत्याशी से किनारा कर पिछड़े वर्ग पर भरोसा जताया।

फतेहपुर, अमृत विचार। नगर निकाय के चुनाव में सदर नगर पालिका परिषद में समाजवादी पार्टी की जमकर किरकिरी हो रही है ऐसा माना जा रहा है कि शहर क्षेत्र में कराए गए विकास कार्य सपा के हाईकमान को रास नहीं आये यही वजह है कि पार्टी ने प्रबल दावेदार हाजी रजा का टिकट काटकर पिछड़े वर्ग से राजकुमार मौर्य को पकड़ा दिया गया। सपा के लिए यह सीट पक्की मानी जा रही थी लेकिन अब मुस्लिम प्रत्याशी से किनारा कर दिए जाने के बाद समीकरण पूरी तरीके से बदल गए हालात तो ऐसे बन गए हैं कि पार्टी में अंदरूनी कलह भी तेज हो गई है और अंदर ही अंदर विरोध के स्वर भी गुजरने लगे।

निकाय चुनाव को लेकर जिले में सरगर्मी तेज हो गई है पहले चरण में होने वाले मतदान को लेकर उम्मीदवारों ने अब प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है समाजवादी पार्टी में भी घमासान मचा हुआ है। सदर नगर पालिका परिषद में सबसे अधिक समाजवादी पार्टी की किरकिरी हो रही है वजह साफ है कि पिछले चुनाव में यहां से भाजपा की भारी किलेबंदी को तोड़कर समाजवादी पार्टी की नजाकत खातून चुनाव जीतने में कामयाब हो गई थी और उनके पुत्र चेयरमैन प्रतिनिधि रहे शहर में विकास की तस्वीर को नया आयाम दे दिया। शासन की अमृत योजना के तहत शहर में विकास कार्य जिस तरीके से कराए गए उससे साफ जाहिर हो गया कि इस बार के चुनाव में स्थानीय मतदाता विकास को ही तवज्जो देंगे और मतदाताओं की सोच में भी काफी परिवर्तन आया था।

शहर के वीआईपी रोड से लेकर अस्पताल मार्ग की डिवाइडर युक्त सड़क के साथ-साथ चौराहों का विकास एवं शहर में अनगिनत बनाई गई आरसीसी सड़कों के अलावा अटल पार्क शहर के विकास कार्यों की तस्वीर अपने आप अलग ही बयां कर रही है लेकिन इस सब के बावजूद भी समाजवादी पार्टी के हाईकमान ने अपनी यह जीती हुई सीट पर अचानक टिकट परिवर्तन कर दिए जाने से आम कार्यकर्ताओं से लेकर आम मतदाताओं के बीच तक तरह-तरह की आशंकाएं होने लगी।

सदर नगर पालिका परिषद के चुनाव में चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा समाजवादी पार्टी के प्रबल दावेदार थे और उनका टिकट भी पक्का माना जा रहा था हाजी रजा ने शहर में चुनाव की तैयारियां भी तेज कर दी उनकी टीम पूरी तरीके से लग गई थी लेकिन ऐन वक्त पर समाजवादी पार्टी के आलाकमान को शहर में कराए गए विकास कार्य की नीति शायद रास नहीं आई यही वजह है कि उन्होंने पिछड़े वर्ग से राजकुमार मौर्य को टिकट देकर मुस्लिम उम्मीदवार को पूरी तरीके से किनारा कर दिया।

अब जब चुनावी माहौल पूरी तरीके से परवान चढ़ा तो उम्मीदवारों की समीक्षा भी की जा रही है ऐसे में समाजवादी पार्टी के विकास कार्य की तस्वीर लोगों के दिलों दिमाग में पूरी तरीके से उतर चुकी है इसे भुनाने में भाजपा तो शायद ही कामयाब हो पाए क्योंकि भाजपा ने कभी शहर के विकास को लेकर कोई भी तवज्जो नहीं दी हालांकि शहर में विकास का कार्य जो भी हुआ वह भाजपा सरकार से ही धन का आवंटन हुआ और अमृत योजना के तहत विकास कार्य कराया गया।

लेकिन आम मतदाताओं के बीच विकास नगर पालिका की निवर्तमान अध्यक्ष नजाकत खातून व उनके बेटे हाजी रजा द्वारा संचालित कराया गया है। मौजूदा समय में सपा में उम्मीदवार राजकुमार मौर्या का पार्टी के अंदर ही विरोध हो रहा है हालांकि टिकट हासिल करने के बाद राजकुमार मौर्य अपने विरादरी के लोगों को एकजुट करने में कामयाब हो गए हैं लेकिन अब रूठो को मनाने के लिए उनकी क्या रणनीति होगी यह बात किसी की गले नहीं उतर रही।

व्यापारियों ने किया विरोध का एलान

नगर निकाय के चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार एवं व्यापारी नेता बृजेश सोनी ने तो सोशल मीडिया में लगातार समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया है और साफ तौर पर इस बात का संकेत दे दिया है कि चौक चौगलिया, कटरा अब्दुल गनी आदि इलाकों में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को प्रवेश ही नहीं दिया जाएगा। लगातार सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस बिंदु को लेकर मतदाताओं के बीच भी कौतूहल बना हुआ है तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच भेदभाव की स्थितियां बनती जा रही हैं।

कोई विरोध नही सब एकजुट होंगे

टिकट दिए जाने का काम पार्टी के हाईकमान द्वारा किया गया है और उसे यहां सभी कार्यकर्ताओं को स्वीकार किया जाना चाहिए पार्टी के अंदर किसी भी तरीके की कोई भी गुटबाजी नहीं है। जो निर्णय हाई कमान स्तर पर लिया गया है उसको पूरी तरीके से यहां लागू कराया जाएगा जो कार्यकर्ता नाराज हैं उन्हें भी संतुष्ट किया जाएगा।- सुरेंद्र सिंह यादव-जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी

संबंधित समाचार