लखीमपुर-खीरी: शौच करने गए किसान की करंट लगने से मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का लगा आरोप
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र में शौच करने खेतों की तरफ गए किसान का पैर टूटकर जमीन पर पड़े हाईटेंशन लाइन के तार पर पड़ गया, जिससे करंट लगने से करंट मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
गांव पंचम पुरवा निवासी केशव राम ने बताया कि उनके पिता राम अवतार (55) बुधवार की तड़के चार बजे घर से शौच करने के लिए खेतों की तरफ गए थे। रास्ते में 11 हजार लाइन का तार टूटा पड़ा था। उजाला कम होने के कारण राम अवतार तार को नहीं देख पाए और उनका पैर तार पर पड़ गया। जिससे करंट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक जब पिता घर वापस नहीं पहुंचे तो परिवार वाले तलाश करते खेतों की तरफ गए तो देखा उनका शव पड़ा था। यह देख परिवार में चीख पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिवार के लोग तमाम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए और हादसे की खबर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। बेटे ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
