उन्नाव के मौरावां की घटना पर बोलीं प्रियंका गांधी, महिलाओं को विज्ञापन नहीं सुरक्षा चाहिए
अमृत विचार, उन्नाव । उन्नाव के मौरावां में दुष्कर्म पीड़िता के घर पर लगी आग की घटना में उसके मासूम बेटे के साथ अबोध बहन के झुलसने का मामला दिन पर दिन तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने अब इस मामले में ट्वीट कर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि महिलाओं को विज्ञापन नहीं सुरक्षा चाहिए। बता दें कि बीते सोमवार को मौरावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी गैंगरेप पीड़िता के घर पर आग लग गयी थी। इस घटना में पीड़िता के दुधमुंहे के साथ उसकी मासूम बहन भी झुलस गयी थी। यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद अखिलेश यादव व शिवपाल सिंह यादव ने प्रकरण पर ट्वीट कर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा था। अब कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मामले में ट्वीट कर तंज कसा है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि उत्तर प्रदेश में क्रूरता की एक कहानी बार बार दोहराई जा रही है। अपराधी इतने बेखौफ हैं कि वो क्रूरता से महिलाओं को वर्षों तक प्रताड़ित करते रहते हैं। नाकाम प्रशासन मौन होकर देखता रहता है। प्रदेश की महिलाओं को झूठे विज्ञापन नहीं सुरक्षा चाहिए।
अब ट्रामा सेंटर भेजे गए दोनों मासूम
आग में झुलसे दोनों बच्चों को जिला अस्पताल से कानपुर के उर्सला भेजा गया था। वहां से उन्हें पहले हैलट भेजा गया जहां बुधवार को दोनों लखनऊ के किंगजार्ज मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर किया गया था। और अब वहां से दोनों बच्चों को लखनऊ के ही ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
आयोग के सदस्य ने अस्पताल पहुँच जाना हाल
बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्याम त्रिपाठी ने भी अस्पताल पहुँचकर बच्चों का हाल जाना। साथ ही बेहतर इलाज के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिए। उन्होंने पीड़िता का भी उपचार कराने के निर्देश जिम्मेदारों को दिए हैं। वहीं, मामले की पल-पल की रिपोर्ट उपब्ध कराने के निर्देश भी मातहतों को दिए। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष प्रीती सिंह बच्चों की देखभाल के लिए कर्मचारियों को लगाने की बात कही है।
सात नामितों में सिर्फ चार की गिरफ्तारी
पीड़िता की माँ के द्वारा घर में आगजनी की दर्ज कराई गयी रिपोर्ट के सात नामितों में अभी तक पुलिस ने चार आरोपियों को ही गिरफ्तार करने की बात कही है। जिनमें गैंगरेप के आरोपियों के आलावा एक अन्य अभी फरार है। पुलिस फरार चल रहे रंजीत, अमन और रोशन की तलाश जारी होने की बात कह रही है।
ये भी पढ़े - कन्नौज : युवक ने कलक्ट्रेट में किया आत्मदाह का प्रयास
