बदायूं: जिला महिला अस्पताल में मां-बेटा समेत चार कोरोना संक्रमित मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। जिले में कोरोना की रफ्तार तेजी से बढ़ने लगी है। फिर भी लोग कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों से लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को जिला महिला अस्पताल इलाज कराने पहुंचे मां-बेटा समेत चार लोग कोरोना संक्रमित मिले। एंटीजन किट से की गई जांच में चारों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब चारों की आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। जिले में अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या छह हो गई है।

जिला अस्पताल में पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज की एंटीजन किट से जांच की जा रही है। गुरुवार को जिला अस्पताल पुरुष की ओपीडी में 199 मरीज पहुंचे, जिनकी एंटीजन किट से जांच की गई। उधर, जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार को 172 मरीजों की एंटीजन किट से जांच की गई। इनमें शहर में मंडी समिति के पास स्थित बुध विहार कॉलोनी निवासी महिला और उनके बेटे की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

इनके अलावा शहर की आवास कॉलोनी और जगत ब्लॉक के जरासी मुगर्रा निवासी एक महिला कोरोना संक्रमित निकली। ये चारों लोग अपना इलाज कराने के लिए जिला महिला अस्पताल पहुंचे थे। अब चारों की आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। इससे पहले गुरुवार को जिला महिला अस्पताल में जगत ब्लॉक के डूडेनगला गांव की एक महिला एंटीजन किट से जांच होने पर कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। दो दिन पहले शहर का एक युवक संक्रमित निकला था। उसकी जांच अलीगढ़ के एक अस्पताल में हुई थी, जहां वह अपना ऑपरेशन कराने गया है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। फिर भी लोग कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। बाजारों में भीड़ लग रही है, लेकिन कोई मास्क का प्रयोग नहीं कर रहा। जिला अस्पताल में भी तमाम लोग बगैर मास्क के पहुंच रहे हैं।    

बुधवार को संक्रमित मिली महिला और गुरुवार को निकले चारों मरीजों का आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल भेज दिया गया है। सही स्थिति रिपोर्ट आने पर क्लियर होगी। अस्पताल के गेट पर गार्डों को लगा दिया गया है, जिससे कोई बगैर मास्क के ओपीडी में ना जाये। फिर भी लोग अहतियात नहीं बरत रहे हैं।- डॉ. इंदुकांत वर्मा, सीएमएस जिला महिला अस्पताल

कोरोना का खतरा बढ़ने के बावजूद लोग कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके लिए प्रशासन और पुलिस को सख्ती करना चाहिए। अगर इसी तरह लापरवाही जारी रही तो आगे खतरा और बढ़ेगा।-डॉ. वीनेश कुमार, प्रभारी सीएमएस

ये भी पढे़ं- बदायूं: कछला घाट पर गंगा स्नान करते समय दो डूबे, मामा की मौत, भांजा लापता

 

संबंधित समाचार