बदायूं: कछला घाट पर गंगा स्नान करते समय दो डूबे, मामा की मौत, भांजा लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हाथरस के रहने वाले थे दोनों, परिवार के साथ गंगा स्नान करने आए थे कछला

फोटो: मामा-भांजा के गंगा में डूबने के बाद घाट पर मौजूद परिजन।

उझानी, अमृत विचार। परिवार समेत गंगा स्थान करते समय मामा-भांजा गहरे पानी में चले गए और डूब गए। जिसमें मामा की मौत हो गई जबकि भांजा गंगा में लापता हो गया। दो दर्जन से ज्यादा गोताखोरों ने तलाश की लेकिन लापता भांजे की तलाश नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। शुक्रवार को फिर से लापता भांजे की तलाश शुरू की जाएगी।

जिला हाथरस के थाना शादाबाद क्षेत्र के गांव निवासी 14 श्रद्धालु गुरुवार को एक मैक्स गाड़ी से कोतवाली उझानी क्षेत्र में कछला गंगा घाट पर मूर्ति विसर्जित करने के लिए आए थे। गांव ऊंचा गांव रतमई निवासी नेत्रपाल अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ पहुंचे थे।

उनका बेटा राजेश कुशवाह (16) और बेटे का भांजा आगरा के थाना जगनेर क्षेत्र के कस्बा जगनेर निवासी गौरी शंकर (15) पुत्र रामेश्वर कुशवाह भी आया था। सुबह लगभग साढ़े 6 बजे श्रद्धालुओं ने मूर्ति विसर्जित की और गंगा स्नान करने लगे थे। गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ थी।

इसी दौरान राजेश कुशवाह और गौरी शंकर गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए। हमउम्र होने की वजह से वह एक-दूसरे के साथ खेलने लगे। अचानक उन्हें गोते लगना शुरू हो गए। गंगा घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उन्हें डूबते देखा तो चिल्लाने लगे।

चीख पुकार सुनकर घाट पर मौजूद गोताखोर तुरंत गंगा में कूद गए। तब तक दोनों युवक गंगा में बहकर आगे निकल चुके थे। तकरीबन दो घंटों की मशक्कत के बाद राजेश कुशवाह को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

तकरीबन दो दर्जन गोताखोरों को और बुलाया गया। शाम तक गौरी शंकर की तलाश कराई गई लेकिन उसका पता नहीं चला सका। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने को पंचनामा भरा लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। कछला पुलिस चौकी के इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि गोताखोरों की टीमें लगाई गई हैं। एक किशोर का पता नहीं चल सका है। शुक्रवार को भी उसकी तलाश कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं: पिकअप और ट्रक की भिड़ंत में तीन की मौत, एक घायल

संबंधित समाचार