Hamirpur: महिला ने फांसी लगाकर दी जान, आत्महत्या से पहले मोबाइल किया रिसेट, घटना का कारण नहीं बता सके परिजन
हमीरपुर में महिला ने फांसी लगाकर दी जान।
हमीरपुर के मुस्करा में महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार के लोग आत्महत्या का कारण नहीं बता सके। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
हमीरपुर, अमृत विचार। मुस्करा में विवाहिता ने दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से परिवार सहित पड़ोसी स्तब्ध है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
कस्बा के छह थोक हरिजन बस्ती निवासी राजेंद्र अहिरवार ने बताया कि छोटे पुत्र भूपेंद्र की शादी जनपद महोबा निवासी पन्नालाल की पुत्री ज्योति के संग 2019 में हुई थी। दूसरा बड़ा बेटा देवेंद्र सीआरपीएफ में है। जिसका परिवार राठ में रहता है। बताया कि यह बहू पढ़ी-लिखी थी और खुशी-खुशी रह रही थी। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जब वह घर के बाहर था, बेटा भूपेंद्र श्रमकार्ड बनवाने का काम करता है।
जिसके चलते बाहर गया था। तभी सूना घर पाकर बहू ज्योति ने घर के ऊपर वाले कमरे में अपने बेड पर कुर्सी रखकर पंखे से दुपट्टा गले में डालकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भूपेंद्र के वापस आने पर जब कमरे का दरवाजा खटखटाया तो नहीं खुला। इस पर भूपेंद्र ने धक्का मारकर दरवाजे की कड़ी तोड़ दी और अंदर देखा कि पत्नी ज्योति पंखे से लटक रही है। आनन-फानन में उतार कर सीएससी ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भूपेंद्र और उसके पिता राजेंद्र दोनों ही इस घटना से स्तब्ध हैं। उनका कहना है कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ।
पिता राजेंद्र ने बताया कि वह अपनी एक नातिन नेहा की शादी अपने घर से कर रहा है। बीती रात बहू ने नेहा की शादी के चलते हल्दी और मेहंदी की रस्म मनाने की बात कही थी। जिस पर ससुर ने पैसा न होने की बात कह कर मना कर दिया था। इसके सिवा घर में कोई भी बात नहीं हुई। तो वहीं पड़ोसियों ने दबी जुबान से कहा की बहू ने फंदा लगाने से पहले अपना मोबाइल रिसेट कर दिया है।
इतनी बड़ी घटना के पीछे कोई न कोई राज जरूर छुपा है, लेकिन परिवार वाले घटना का कारण नहीं बता पा रहे हैं। मृतका ज्योति अपने पीछे एक डेढ़ वर्ष की पुत्री को रोता बिलखता छोड़ गई है। ससुर राजेंद्र ने घटना की सूचना थाने में दी है। साथ ही मृतका के पिता पन्नालाल को भी सूचित किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
