Nikay Chunav : नामांकन कराने पहुंचीं प्रत्याशी वंदना बाजपेई, बोलीं- जनता को तानाशाही से मुक्त कराना लक्ष्य
कानपुर नगर निगम में नामांकन कराने पहुंची महापौर पद की प्रत्याशी वंदना बाजपेई।
नामांकन प्रकिया के पांचवें दिन महापौर पद के लिए पहला नामांकन हुआ। शुक्रवार को कानपुर नगर निगम में विधायक अमिताभ बाजपेई की पत्नी महापौर प्रत्याशी वंदना बाजपेई नामांकन कराने के लिए पहुंची।
कानपुर, अमृत विचार। सपा से वंदना बाजपेई ने शुक्रवार को नामांकन कराया है। इस दिन 86 पार्षद प्रत्याशियों ने भी पर्चा दाखिल किया। इसी के साथ भाजपा की दो और आम आदमी पार्टी की एक और दावेदार ने भी नामांकन पत्र लिया है। वहीं एआईएमआईएम की एक दावेदार ने भी पर्चा लिया है।
नामांकन के पांचवें दिन नगर निगम में राजनीतिक शोर रहा। इस दिन महापौर के लिए खाता खुला और भारी संख्या में पार्षदों ने नामांकन के लिए पर्चा दाखिल किया। सपा से वंदना बाजपेई ने नामांकन के लिए पति विधायक अमिताभ बाजपेई और प्रस्तावकों के साथ नामांकन कक्ष पहुंची। यहां उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर को नामांकन पर्चा दिया। इसके साथ ही आप से दावेदार इश्मा जहीर ने नामांकन पत्र के दो सेट लिए। उन्होंने अपना पता लखनऊ गोमती नगर बताया।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की शाहना परवीन निवासी तलाक महल ने नामांकन पत्र का एक सेट लिया। इसके अलावा भाजपा से चुन्नीगंज निवासी भाविका चौहान ने एक और अनवरगंज के द्वारिकाधाम की निवासी माया गुप्ता ने चार सेट लिए हैं। ये दोनों भाजपा से महापौर पद के लिए दावेदार हैं, हालांकि अभी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। एडीईओ डॉ. एसके द्विवेदी ने बताया कि पार्षद के लिए 244 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है।
बिठूर के नामांकन प्रक्रिया भी नगर निगम में चल रही है। इसमें बिठूर से अध्यक्ष के लिए किसी ने नामांकन नहीं कराया है, सभासद के लिए तीन ने नामांकन किया है। वहीं इसी नगर पंचायत से सभासद के लिए चार नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
