अयोध्या: दो दुकान समेत छह घरों को चोरों ने बनाया निशाना, दस लाख से अधिक की चोरी
सोहावल, अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के देवराकोट ग्राम पंचायत को निशाने पर रख कर चोरों ने दो दिनों के भीतर दूसरी वारदात कर छह घरों के साथ दो दुकानों को निशाना बनाया। इन सभी वारदातों में चोरों ने करीब दस लाख से अधिक की सम्पत्ति उड़ा ली। इन वारदातों से लोग अब रात भर जागकर रखवाली को मजबूर हैं।
शुक्रवार की आधी रात के बाद इसी राजस्व गांव के मजरे कीरत पुरवा कांटा गांव में चोरों ने हमला बोला। गुरु प्रसाद वर्मा के घर के लोग छत पर सो रहे थे। इसी दौरान छत के रास्ते चढ़े चोरों ने कुंडी खोली और महिलाओं के जेवर सहित लगभग 8 लाख का माल साफ कर दिया।
परिवार की एक लड़की शालिनी गोरखपुर में सिपाही है उसके भी जेवर नहीं बचे। यहां से चोर बसंत लाल वर्मा के घर पहुंचें। दरवाजे के हैंडल तोड़ा परिवार जग गया तो भाग गए फिर लेखपाल राम पदारथ के घर छत पर चढ़े। वहीं विशम्भर वर्मा के घर छत की लगी जाली उखाड़ कर उतर रहे थे कि लोग जग गये जिससे चोरी भाग गए। चोर यहीं नहीं थमे।
ज्वैलरी की दुकान चलाने वाले ईश्वर लाल वर्मा के यहां धावा बोल दिया। हालांकि गृहस्वामी द्वारा लाइसेंसी बंदूक से फायर करने पर वहां से भागे लेकिन आगे जाकर देवेंद्र शुक्ला की छत के रास्ते रास्ता बना लूट ही डाला। यहां से करीब साढ़े 10 हजार नकदी सहित 2 लाख का जेवर पार कर लिया।
कांटा चौराहे पर स्थित सुरेश पान भंडार ध्रुव चंद की गुमटी तक नही बची इसे भी तोड़ा जो मिला चोरों ने लूट ही लिया। बता दें घटना के दो दिन पहले ही देवरा कोट गांव में चोरों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा सिह एक दरोगा व कई अन्य के घरों को निशाना बनाया था। प्रभारी निरीक्षक रौनाही संतोष सिंह ने बताया मामले की तहरीर मिली है। केस दर्ज कर चोरों की तलाश हो रही है।
यह भी पढ़ें:-बलिया: किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
