प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन
प्रयागराज, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव को लेकर रविवार को अशोक नगर स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश शुक्ला के आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और नगर निकाय चुनाव में महापौर प्रत्याशी और युवा पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील भी की। इस दौरान मेयर प्रत्याशी गणेश केसरवानी, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा नेता सिद्धार्थनाथ सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा सबसे बड़ी और मजबूत पार्टी उभरकर सामने आई है। इसके विपक्ष में ना तो सपा है और ना ही कांग्रेस बसपा का तो कहीं नामोनिशान ही नहीं है। सपा खत्म हो चुकी है। इसके पहले भी विधान सभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। अब इस बार निकाय चुनाव में भी पूर्ण बहुमत से नगर निगम की सरकार बनाएगी। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में होने वाले नगर निकाय के चुनाव में हमारा हर प्रत्याशी मेयर होगा और हर वार्ड में हमारे सभासद होंगे।
डिप्टी सीएम ने राम मंदिर मुद्दे को लेकर कहा कि आज अयोध्या में बन रहा राम मंदिर लगभग तैयार होने की स्थिति में है। इसी राम जन्म भूमि को लेकर न जाने कितने राम भक्तों ने अपनी जान गवाई है। राम मंदिर के निर्माण से जितनी खुशी मुझे है, उससे कहीं ज्यादा खुशी देश के लोगों को है।
अतीक अहमद हत्याकांड के मामले में केशव मौर्या ने कहा कि जांच टीमें लगाई गई वह अपना काम कर रहे हैं। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में दो बड़े सपा नेता रईस चंद्र शुक्ला और पंकज जयसवाल कि शामिल होने के बाद भाजपा में अंतर कलह की बात सामने आई है। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा की पार्टी का फैसला है पार्टी ही जो चाहे कर सकती है। कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि उनका जन्मदिन है और पार्टी उन्हें बधाई देती है। अंत मे उन्होंने कहा कि इस पार्टी में अच्छे लोग आएंगे और गंदे लोगों को बाहर कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - आनंद मोहन की रिहाई से मायावती नाखुश, नीतीश सरकार से की पुनर्विचार की अपील
