UP Nikay Chunav 2023 : Auraiya में BJP ने मुलायम के साढू के पुत्र को अधिकृत प्रत्याशी बनाकर खेला दांव
औरैया में बीजेपी ने मुलायम के साढू के पुत्र को अधिकृत प्रत्याशी बनाकर खेला दांव।
औरैया में बीजेपी ने मुलायम के साढू के पुत्र को अधिकृत प्रत्याशी बनाकर खेला दांव। बिधूना नगर पंचायत में चुनाव रोमांचक बना।
औरैया, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बिधूना नगर पंचायत का अध्यक्ष पद का चुनाव रोमांचक हो गया है। भाजपा ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के साढू के पुत्र वैभव गुप्ता पर दांव लगाया है। आपको बता दें कि पूर्व विधायक एल एस गुप्ता पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के साढ़ू हैं। लंबे अर्से तक यह सपा से जुड़े रहे हैं।
रविवार की सांयकाल भाजपा द्वारा अपने प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित किए जाने के बाद उहा-पोह की स्थिति समाप्त हो गई। बिधूना नगर पंचायत से भाजपा ने बीते चुनाव में भाजपा में शामिल हुए सपा के पूर्व विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता एल एस के पुत्र वैभव गुप्ता को प्रत्याशी बनाकर सभी को चौंका दिया। बताया जाता है कि भाजपा नेत्री मंजू सिंह सेंगर के द्वारा चुनाव लडने से मना करने के बाद संगठन ने यह निर्णय लिया है।
वैभव गुप्ता को प्रत्याशी बनाए जाने से पूर्व विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता की संगठन पर मजबूत पकड़ भी दिखाई दे रही है। जनपद में इस बार एक भी क्षत्रिय को प्रत्याशी न बनाये जाने पर भी लोग तरह तरह की क्रिया प्रतिक्रिया करने से भी नहीं चूक रहे हैं। भाजपा द्वारा वैभव गुप्ता को प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी होते ही भारी संख्या में लोगों ने सेठ रामभरोसे की धर्मशाला में पहुंच कर फूल-मालाओं से लाद दिया।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रुप में माला गुप्ता पत्नी चुनमुन गुप्ता का नाम घोषित होते ही सपा के अन्य दावेदारों में मायूसी छा गई। उन्होंने शनिवार को सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश गौतम की मौजूदगी में अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया। इसके बाबजूद भी लोग सपा की टिकट को होल्ड पर बताकर अफवाहें फैलाते नजर आए।बसपा के अधिकृत प्रत्याशी के रुप में अवनीश गुप्ता उर्फ विक्की जयहिंद , निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव मैदान में उतरे आदर्श कुमार मिश्रा द्वारा मतदाताओं से सघन संपर्क किया जा रहा है।
पूर्व प्रधानाचार्य रमेश चंद्र अग्निहोत्री के सपा से उम्मीदवार न होने और भाजपा से वैभव गुप्ता के प्रत्याशी बनाए जाने पर आदर्श मिश्रा समर्थकों में खुशी का माहौल है। भाजपा द्वारा जनपद में एक भी क्षत्रिय प्रत्याशी को चुनाव मैदान में न उतारे जाने से कयास लगाए जा रहे हैं कि बिधूना नगर पंचायत से कोई क्षत्रिय प्रत्याशी मैदान में उतर सकता है।
