बरेली: अब कस्तूरबा की बालिकाओं को भी मिलेगी हाईस्कूल- इंटर की शिक्षा
प्रशांत पांडेय, बरेली। जिले की कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं के लिए अच्छी खबर हैं। इन स्कूलों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई कर रही बालिकाओं को अब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट तक की शिक्षा भी मिलेगी। बालिकाओं की शिक्षा के लिए जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका इंटर कॉलेजों का नवनिर्मित भवन व छात्रावास बन कर तैयार हो गए हैं। जहां बालिकाएं अच्छे माहौल में रहने के साथ शिक्षा ग्रहण करेंगी।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक उम्मीद है कि आगामी जुलाई माह से शिक्षकों की तैनाती कर स्कूल में पंजीकरण व शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में कुल 23 करोड़ 3 लाख 8 हजार की लागत से बालिकाओं के रहने के लिए छात्रावास व 9 करोड़ 70 लाख की लागत से शैक्षिक भवन का निर्माण पूरा कर यूपीपीसीएल ने करा कर विभाग को सौंप दिया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे विद्यालय
जनपद के 18 विकास खंडों में से 13 में हॉस्टल व शैक्षिक भवन का निर्माण कराया गया है। प्रत्येक छात्रावास का निर्माण 1 करोड़ 77 लाख 16 हजार और शैक्षिक भवन का निर्माण 1 करोड़ 38 लाख 61 हजार की लागत कराया गया है। नवनिर्मित स्कूलों में पर्याप्त खेल मैदान के साथ आधुनिक शिक्षा की भी सभी व्यवस्थाएं स्कूलों में लैस की जा रही है।
स्कूल में मानकों के अनुरूप बैठने के लिए बेहतरीन फर्नीचर और आधुनिक प्रयोगशालाएं भी स्थापित कराई जाएंगी। इसके अलावा कॉलेज की सभी कक्षाओं में डिजिटल टच बोर्ड और प्रोजेक्टर लगाने की भी योजना हैं। स्कूल में बालिकाओं के लिए शुद्ध पेयजल और बिजली की भी सुविधाएं स्थापित कराई गईं हैं। उधर, छात्रावास में प्रत्येक बालिका के लिए गुणवत्तायुक्त बेड और एक टेबल भी मुहैया कराया जाएगा।
इन विकास खंड में बनेंगे छात्रावास
आलमपुर जाफराबाद, बरेली सदर, भोजीपुरा, फरीदपुर नगर, फरीदपुर ग्रामीण, बिथरी चैनपुर।
इन विकास खंड में बनेंगे हॉस्टल व शैक्षिक भवन
विकास खंड , बहेड़ी, भदपुरा, भुता, फतेहगंज, मीरगंज, नवाबगंज, शेरगढ़।
शेष पांच विकास खंडों में भी निर्माण के लिए भेजा गया प्रस्ताव
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक रामनगर, मझगवां, बहेड़ी नगर, क्यारा और दमखोदा में भी छात्रावास व शैक्षिक भवन के निर्माण के लिए जिला मुख्यालय से शासन को प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है। उम्मीद है इस साल के अंत तक इस परियोजना पर भी शासन की मुहर लग सकती है।
बालिका शिक्षा के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका इंटर कॉलेज व छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ विभाग को प्राप्त गया है। इसकी सूचना शासन को भी भेज दी गई है। विद्यालयों में सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ आधुनिक सुविधाएं स्थापित कराई जा रही हैं। उम्मीद है कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य जुलाई माह तक शुरू करा दी जाएगी---विनय कुमार, बीएसए।
यह भी पढ़ें- बरेली: पूरे विद्यालय का जिम्मा एक शिक्षक पर, कैसे संवरेगा बच्चों का भविष्य
