लखनऊ: हरौनी क्रासिंग के पास रोडवेज की बस पलटी, कई यात्री घायल
लखनऊ, अमृत विचार। प्रयागराज से दिल्ली जा रही रोडवेज बस हरौनी क्रासिंग के पास पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस को पलटता देख इसमें मौजूद यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। बस पलटने के बावजूद यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर पहुंचे रोडवेज के अधिकारियों ने यात्रियों से पूछताछ की और सभी के ठीक …
लखनऊ, अमृत विचार। प्रयागराज से दिल्ली जा रही रोडवेज बस हरौनी क्रासिंग के पास पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस को पलटता देख इसमें मौजूद यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। बस पलटने के बावजूद यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर पहुंचे रोडवेज के अधिकारियों ने यात्रियों से पूछताछ की और सभी के ठीक होने के बाद उन्हें दूसरी बस से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया।
रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार प्रयागराज के बादशाहपुर डिपो की बस संख्या यूपी 70 एफटी 9720 हरौनी के निकट नारायणपुर गांव के पास पलट गई। बस में 52 यात्री मौजूद थे। बस पलटने पर चालक दीपचंद्र सरोज के हाथ में चोट आई है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। तकरीबन तीन बजे हुई इस घटना के बाद यात्री खासे सहमे दिखाई दिए।
मौके पर सबसे पहले आलमबाग डिपो के एआरएम डीके गर्ग पहुंचे। उन्होंने यात्रियों से बातचीत की और जानकारी ली। यात्रियों ने बताया कि बस स्पीड में नहीं थी। बस धीरे-धीरे कर पलटी, वैसे- वैसे यात्रियों ने खुद को संभालते गए। बस में मौजूद एक अन्य चालक और परिचालक केशव प्रसाद पाण्डेय ने आनन-फानन में यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर बादशाहपुर डिपो की ही दूसरी बस से सभी यात्रियों को आगे सफर में पर रवाना किया गया। तकरीबन साढ़े छह बजे यात्रियों को भेजा जा सका।
