बहराइच में बाईकों की आमने सामने भिड़ंत, दो की मौत-दो घायल
नानपारा/ बहराइच, अमृत विचार। नानपारा रूपईडीहा मार्ग पर मंगलवार को दो बाईकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में मौके पर ही बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है। जबकि मृतक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत कस्बा के वार्ड नंबर 10 निवासी कामिल पुत्र मेराज, अल्ताफ पुत्र अब्दुल एजाज और सरफराज पुत्र अजीज बाइक से नानपारा की ओर से जा रहे थे। जबकि कोतवाली क्षेत्र के ही सिद्दीक मड़ैया गांव निवासी राजू पुत्र शीबू बाइक से कार्ड बांट कर आ रहा था। नानपारा रूपईडीहा मार्ग पर हांडा बसेहरी गांव के पास दोनों बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार कामिल और दूसरे बाइक पर सवार राजू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के चलते अफरा तफरी मच गई। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर सरफराज और अल्ताफ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जबकि मृतकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि दुर्घटना ग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। कोतवाल ने बताया कि मृतक राजू अपने शादी का कार्ड देने नेपाल अपनी बहन के यहां जा रहा था। मृतक युवक का 30 अप्रैल को विवाह कार्यक्रम आयोजित है।
पंचायत सहायक घायल
मटेरा, बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र के लालपुर शिवपुर की पंचायत पंचायत सहायक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रही थी। कोटवा गांव के पास पंचायत सहायक की स्कूटी को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे पंचायत सहायक घायल हो गईं। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें -हल्द्वानी: बस के नीचे आई स्कूटी, चालक बस समेत फरार
