बरेली: सर्राफ से जेवर नगदी लूटने वाले पांच बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। शाही में सर्राफ के साथ लाखों की लूट करने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाशों के पैर में मुठभेड़ के दौरान गोली भी लगी। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटा हुआ लगभग सारा जेवर और दो लाख की नगदी बरामद कर ली है। वहीं …

बरेली,अमृत विचार। शाही में सर्राफ के साथ लाखों की लूट करने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाशों के पैर में मुठभेड़ के दौरान गोली भी लगी। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटा हुआ लगभग सारा जेवर और दो लाख की नगदी बरामद कर ली है। वहीं वारदात में शामिल एक अन्य युवक की तलाश की जा रही है।

एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने शनिवार को पुलिस लाइन में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि 15 जुलाई की देर शाम शाही के दिनरा निवासी सराफ छोटेलाल गंगवार अपनी दुकान बंद करके बाइक से घर आ रहे थे, तभी तीन लोगों ने उन्हें तमंचे के दम पर रोका और बैग लूटने की कोशिश की। इस पर छोटेलाल उनसे भिड़ गए। यह देखकर एक बदमाश ने गोली चला दी। इसके बाद सराफ ने बैग छोड़ दिया और बदमाश उसे लूट कर ले गए। बैग में नगदी के साथ लाखों का जेवर और चांदी थी, तब से पुलिस बदमाशों को तलाश रही थी।

एसएसपी ने बताया कि सर्विलास और क्राइम ब्रांच की टीम को पता चला कि वारदात करने वाले बदमाश शुक्रवार की रात फतेहगंज पश्चिमी के सरोहा निवासी प्रेमशंकर के घर लूटे हुए माल का बंटवारा करने जुटे हैं। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। मुठभेड़ में सिपाही विनय कुमार गोली लगने से घायल हो गए। जबकि दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और तीसरा बदमाश बाइक के पास ही गिरा रहा। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से दो लाख रुपये, 8.600 ग्राम चांदी और 11 तोला सोना बरामद किया है।

पकड़े गए बदमाश शाहजहांपुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने अपना नाम जगतपाल पुत्र हुकुम सिंह निवासी प्रहलादपुर तिलहर, विपुल पुत्र संतराम मौर्य ग्राम गुड़गवा तिलहर और दिनेश द्विवेदी पुत्र प्रताप नारायण निवासी सिंह कॉलोनी तिलहर बताया। उनकी मदद करने वाले जिले के मीरगंज ठिरिया खुर्द निवासी छत्रपाल और नन्हें को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं बदमाशों से लूट का जेवर अपने पास रखने वाले प्रेमशंकर की तलाश कर रही है। गिरफ्तार बदमाशों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

सर्राफ बोला, पुलिस ने जो कहा कर दिखाया
घटना के खुलासे के समय सर्राफ छोटे लाल गंगवार पुलिस लाइन में मौजूद थे। उनका कहना था कि पुलिस ने जो माल की बरामदगी की है, वह ठीक है। पुलिस ने घटना के समय जो खुलासे का वादा किया था वह कर दिखाया है। इसके साथ उनका कहना है कि उन्हें गांव के एक युवक पर शक है। अगर पुलिस उससे पूछताछ करेगी तो मुखबिरी का खुलासा हो सकता है।

बाइक चलाने में मास्टर है दिव्यांग गैंग सरगना
गैंग का सरगना दिनेश एक पांव से पूरी तरह दिव्यांग है। वह अपराध की दुनिया में बहुत पहले से जुड़ा है। उसने इतने अपराध किए कि वह 1999 में अपने थाने का गैंगस्टर बन गया। उसके खिलाफ अलग अलग थानों में लूट, डकैती और जानलेवा हमलों के कई मामले दर्ज हैं। जगतपाल ने यह दुकान डेढ़ साल पहले देखी थी, जब वह एक रिश्तेदारी में आया था। इसके बाद कुछ समय पहले उसे याद आया कि हाइवे के पास प्रधान छोटे लाल गंगवार की सराफ की दुकान है, फिर दिनेश, जगतपाल और विपुल ने सराफ को लूटने की योजना बना ली। तीनों घटना को अंजाम देने के लिए एक दिन पहले शाही पहुंचे और रेकी की। उन्होंने उसी दिन छत्रपाल और नन्हें को योजना के बारे में जानकारी दी और वारदात के बाद प्रेमशंकर के घर जाकर लूट के माल को छुपा दिया था। जगतपाल और विपुल पर लूट, डकैती के तमाम मामले दर्ज हैं।

संबंधित समाचार