Kanpur में शिवपाल यादव बोले- भाजपा प्रत्याशियों की जमानत होगी जब्त, डर के कारण सपा के खिलाफ डमी प्रत्याशी उतारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में शिवपाल सिंह यादव ने केंद्रीय कार्यालय का उद्धघाटन किया।

कानपुर में शिवपाल सिंह यादव ने सपा महापौर प्रत्याशी वंदना बाजपेई के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की जमानत जब्त होगी। डर के कारण ही सपा के खिलाफ डमी प्रत्याशी उतारा।

कानपुर, अमृत विचार। सपा ने वंदना बाजपेई को महापौर प्रत्याशी घोषित किया है। कानपुर की जनता इस बार वंदना को महापौर बनाएगी और भाजपा की जमानत जब्त होगी। भाजपा हार के डर से बौखलाई हुई है। यह बात मंगलवार को यहां सपा के महासचिव शिवपाल यादव ने प्रत्याशी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए कही। 

जीटी रोड स्थित गुंजन सिनेमा के सामने मंगलवार शाम को सपा के महासचिव शिवपाल यादव ने महापौर प्रत्याशी वंदना अमिताभ बाजपेई के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने मंच से कहा कि यहां की महापौर भ्रष्टाचार में लिप्त रही हैं, पूरा शहर उनसे परेशान है। समाजवादियों का इतिहास रहा है, जो कहते हैं वो करते हैं। कहा कि इरफान की कमी खलेगी। वह डरेगा नहीं और झुकेगा नहीं।

क्योंकि वह हाजी मुस्ताक सोलंकी का बेटा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हत्यारी और जुल्मी सरकार को हटाने की जिम्मेदारी कानपुर के लोगों की है। अतीक के मामले में पुलिस और सरकार को नाकाम बताया। कहा कि वंदना बाजपेई की कानपुर से जीत होने पर 2024 में लोकसभा चुनाव और 2027 में विधानसभा का चुनाव जीतकर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार लाएंगे। 

महापौर प्रत्याशी वंदना बाजपेई ने कहा कि नगर निगम से भ्रष्टाचार दूर करेंगे। पेयजल समस्या दूर होगी और अधूरी सीवर लाइन डलवाई जाएगी। नगर निगम के बंद पड़े अस्पताल चालू होंगे। जर्जर स्कूलों को सही करवाएंगे। गरीबों के लिए बारातशाला उपलब्ध होगी। आर्य नगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि समाजवादी किसी से डरते नहीं हैं। इन भ्रष्टाचारियों से तो बिल्कुल नहीं डरने वाले हैं। यह भ्रष्टाचारी इतना डर गए हैं कि हमारे खिलाफ डमी प्रत्याशी लाए हैं। उनका यह डर हमें अच्छा लगा।

इस दौरान हाजी मुश्ताक सोलंकी की पत्नी व इरफान की मां खुर्शीदा बानो, पूर्व सांसद सुभाषिनी अली, नसीम सोलंकी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र मोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद रामकुमार, जिलाध्यक्ष फजल महमूद, विधायक मोहम्मद हसन रूमी, नगर महासचिव संजय सिंह उर्फ बंटी सेंगर, नगर प्रवक्ता जावेद जमील, मुनींद्र शुक्ला, मिंटू यादव, जगराम यादव, सतीश निगम, सम्राट विकास यादव, फतेह बहादुर गिल, अभिमन्यु गुप्ता, सुरेश यादव, चंद्रेश सिंह, दीपा यादव, नीलम रोमिला सिंह, शिवम् त्रिपाठी आदि रहे।

संबंधित समाचार