बरेली: सौतेली मां और बाप ने हत्या कर बेटी के शव को घर में दफनाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। नगर निगम कर्मचारी ने कुछ समय पहले दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद से वह और उसकी दूसरी पत्नी पहली पत्नी से जन्मी दोनों बेटियों के साथ अक्सर मारपीट करते थे। तीन दिन पहले छोटी लड़की अचानक गायब हो गई। मोहल्ले वालों को शक हुआ कि सौतेली मां और बाप ने ही …

बरेली,अमृत विचार। नगर निगम कर्मचारी ने कुछ समय पहले दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद से वह और उसकी दूसरी पत्नी पहली पत्नी से जन्मी दोनों बेटियों के साथ अक्सर मारपीट करते थे। तीन दिन पहले छोटी लड़की अचानक गायब हो गई। मोहल्ले वालों को शक हुआ कि सौतेली मां और बाप ने ही बेटी को मार दिया है। इसकी शिकायत पर पुलिस छानबीन में जुटी तो पता चला कि उसकी मौत हो गई और उसे घर के अंदर ही दफन कर दिया गया है। अब पुलिस डीएम से कब्र खोदने की अनुमति मिलने का इंतजार कर रही है।

इज्जतनगर के आलोक नगर निवासी एक युवक नगर निगम में काम करता है। उसे पहली पत्नी से दो बेटियां थीं। कुछ समय पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि जब से दूसरी शादी हुई, तब से युवक और उसकी पत्नी दोनों लड़कियों के साथ अक्सर मारपीट करते थे। तीन दिन पहले भी घर में मारपीट की आवाज आ रही थी। इसके बाद से छोटी लड़की नहीं दिखी।

मोहल्ले वालों को शक हुआ तो उन्होंने बच्ची के बारे में पूछताछ की। इस पर दंपति ने कहा कि वह रिश्तेदारी में गई है। लोगों को उनकी बात पर विश्वास नहीं हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस ने देखा की मकान का फर्श टूटा हुआ है। वहां पर ही बच्ची को दफनाया गया है। इसके बाद पुलिस ने मकान को सील कर दिया और डीएम से कब्र खोदने की अनुमति की मांग की है। परिवार पुलिस से अलग-अलग बात कह रहा है।

“पुलिस को सूचना मिली है कि एक दंपति ने बेटी की हत्या कर शव को घर में दफन कर दिया है। जिलाधिकारी से कब्र खोदने की अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” -केके वर्मा, इंस्पेक्टर इज्जतनगर

संबंधित समाचार