Kannauj Dog Attack: कुत्तों के हमले से बच्चे की मौत, घर में झगड़े के बाद निकला था बाहर, सुबह खून से लथपथ मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kannauj Dog Attack कन्नौज में आवारा कुत्तों के हमले से बच्चे की मौत।

Kannauj Dog Attack कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी में आवारा कुत्तों के हमले से बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घर में माता-पिता में झगड़े के बाद देर रात अकेले बाहा निकल गया था। बच्चे का सुबह से खून से लथपथ शव मिला।

कन्नौज, अमृत विचार। एक हृदयविदारक घटना में बालक को कुत्तों ने नोंच-नोंचकर मार डाला। रात का समय होने से उसकी चीखें हवा में ही गुम हो गईं। घटना की जानकारी सुबह होने पर हो सकी। खून से लथपथ शव जिसने भी देखा उसके ही आंसू निकल पड़े। आवारा कुत्तों ने इस कदर नोंचा था कि खून के अधिक रिसाव से जान ही चली गई। जानकारी पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

शहर की पुरानी पुलिस लाइन कांशीराम कालोनी निवासी ओम प्रकाश कुशवाहा का किसी बात पर पत्नी पिंकी से मंगलवार की रात झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान पिता ने 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस को डांट दिया। इसी बात से नाराज होकर पिटाई से बचने के लिए वह घर से मोहल्ला मकरंदनगर स्थित नानी के घर जाने की बात कह कर मंगलवार की रात करीब 11 बजे निकल गया। रात होने से मार्ग पर सन्नाटा पसरा था।

पैदल कन्नौज-मकरंदनगर मार्ग से होते हुए वह नानी के यहां जा रहा था। बिजली कार्यालय के सामने पहुंचने पर सड़क किनारे एकत्र कई आदमखोर कुत्तों ने बच्चे पर हमला बोल दिया। खुद के बचाव में वह शोर मचाते हुए भागा पर कोई सुनने वाला नहीं था। कुत्तों ने उसे गिरा लिया। एक साथ कई कुत्तों के हमले के बाद वह चीखता रहा पर कोई सुनने या बचाने वाला नहीं था। हिंसक हुए कुत्तों ने उसके पैर, हाथ व चेहरे को खूब नोंचा और मांस खा गए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी सांसें थम गईं। यह सब होता रहा और उधर परिजन उसे खोजते रहे।

बुधवार की सुबह आठ बजे के करीह जब कुछ लोग बिजली दफ्तर के निकट रोड किनारे पहुंचे तो बच्चे का शव का क्षत विक्षत खून से लथपथ शव पड़ा था। बच्चे का चेहरा व हाथ-पैर का मांस कुत्तों ने खा लिया था। जानकारी पर कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने प्रिंस के रूप में पहचान की। बच्चे की मौतसे परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम सूत्रों ने बताया कि कुत्तों ने बच्चे को गंभीर रुप से घायल कर दिया। अधिक खून बह जाने से बच्चे की मौत हुई है। इस तरह की पहली घटना होने से शहर में सुबह से ही चर्चा का विषय रही। जिस किसी ने सुना वही इसे दुखद बता अफसोस जताता रहा।

संबंधित समाचार