संभल: आचार संहिता के उल्लंघन में सौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। निकाय चुनाव में प्रत्याशी जीत के लिए खुलकर मैदान में आ गए हैं। वह समर्थकों के साथ घर-घर दस्तक देकर मतदाओं को लुभाने में लगे हैं। वहीं आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन भी हो रहा है। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में पालिका अध्यक्ष पद के सपा और निर्दलीय प्रत्याशी समेत करीब सौ लोग फंस गए हैं। कोतवाली में इनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली के उप निरीक्षक सुनील कुमार की ओर से अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी लता वार्ष्णेय, अखिलेश कुमार खिलाड़ी, हिमांशु वार्ष्णेय निवासी ब्रह्म बाजार सीता रोड, गोविंद ठाकुर गणेश कालोनी, अनमोल गौड मनिहार चौक सीता रोड व 30-40 अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उप निरीक्षक का आरोप है कि 24 अप्रैल की रात वह गश्त पर थे। निर्दलीय प्रत्याशी ने प्रचार-प्रसार के दौरान मोहल्ला राज में जुलूस निकाला। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। रास्ता बाधित हो गया था। जुलूस की अनुमति भी नहीं दिखाई गई।
उधर उप निरीक्षक पवन कुमार की ओर से अध्यक्ष पद की समाजवादी पार्टी प्रत्याशी खदीजा वारसी बीबी जान निवासी मोहल्ला जारई गेट, शानू वारसी, इमरान गनी, सादाब पता अज्ञात के अलावा 40-45 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इन पर भी 25 अप्रैल की रात आठ बजे बिना अनुमति के चुनावी रैली करने का भी आरोप है।
ये भी पढे़ं- संभल: तालाब में उतराता मिला लापता मंदुबद्धि वृद्धा का शव
