बरेली: कुंभ एक्सप्रेस 17 घंटा तो उपासना 12 घंटा से ज्यादा पहुंची लेट, यात्रियों का हुआ बुरा हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जंक्शन पर बुधवार को ट्रेनों ने यात्रियों का हाल बुरा कर दिया। एक दर्जन के आसपास ट्रेनें जंक्शन पर घंटों की देरी से पहुंची। एक तो जुलसा देने वाली गर्मी तो दूसरी तरफ ट्रेनों का इंतजार, लिहाजा यात्रियों के सामने रेल को कोसने के सिवा दूसरा कोई चारा नहीं रहा। ट्वीटर पर शिकायतें की जाती रहीं। जिसके बाद अधिकारी उन्हें ट्रेनें लेट होने के लिए ट्रेन रिशेड्यूलिंग से लेकर ब्लॉक और अन्य ऑपरेटिंग कारण बताते रहे। उपासना, कुंभ, गरीबरथ समेत कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं।

12370 देहरादून हावड़ा सुपरफास्ट कुंभ एक्सप्रेस 17 घंटा 30 मिनट, 12327 हावड़ा देहरादून उपासना एक्सप्रेस 12 घंटा 29 मिनट, 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस 5 घंटा 20 मिनट, 15098 अमरनाथ एक्सप्रेस 5 घंटा 47 मिनट, 13152 सियालदह एक्सप्रेस 1 घंटा 10 मिनट, 15910 अवध असम एक्सप्रेस 1 घंटा, 12204 अमृतसर सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 1 घंटा, 22318 सियालदह हमसफर एक्सप्रेस 2 घंटा 38 मिनट,

20939 अहमदाबाद-सुल्तानपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 1 घंटा 22 मिनट, 14524 हरिहर एक्सप्रेस 3 घंटा 34 मिनट, 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस 1 घंटा 39 मिनट, 14674 शहीद एक्सप्रेस 1 घंटा 27 मिनट, 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस 2 घंटा 48 मिनट, 15073 त्रिवेणी एक्सप्रेस 2 घंटा 58 मिनट की देरी से बरेली जंक्शन पहुंची। केवल यही नहीं कई और ट्रेनों भी घंटों की देरी से बरेली जंक्शन पहुंचीं।

डाउन लाइन पर दो घंटे का ब्लॉक लेकर किया काम
रेल प्रशासन की तरफ से अलग-अलग कारणों से हर दिन ब्लॉक लिया जा रहा है, बुधवार को भी डाउन लाइन पर ब्लॉक लेकर कार्य किए गए। जिसमें इंजीनियरिंग, सिग्नल, रेलपथ, इलेक्ट्रिक आदि विभागों द्वारा अपने से संबंधित मरम्मत कार्य किए गए।

दोपहर 1 बजकर 20 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक का ब्लॉक लिया गया था। 15910 अवध असम एक्सप्रेस गुजारने के बाद डाउन लाइन पर ब्लॉक लिया गया। इस बीच अधिकतर ट्रेनें गुजारी जा चुकीं थीं। रेल अधिकारियों की माने तो रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- बरेली: ऑटो चालक ने खुद को गोली से उड़ाया, दो साल से चल रहा था इलाज

संबंधित समाचार