Wrestlers Vs WFI : पहलवानों को मिला पूर्व फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया का समर्थन, कहा- मैं उनके साथ हूं
नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ शुक्रवार रात को महिला पहलवानों से यौन शोषण के आरोपों के बाद दो केस दर्ज हो गए हैं। हालांकि बृजभूषण ने कहा है कि उन्हें न्यायपालिका और पुलिस प्रणाली पर भरोसा है। उन्होंने फिलहाल इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। वहीं पूर्व फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया ने जंतर-मंतर पर चल रहे पहलवानों के धरने को समर्थन दिया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, मैं अपनी बहनों विनेश फोगाट, साक्षी मलिक व अन्य जो भी न्याय के लिए खड़े हैं, उनके साथ हूं।
I stand in solidarity with my sisters @Phogat_Vinesh, @SakshiMalik, and all others who are fighting for justice. pic.twitter.com/sn2dudMRcD
— Bhaichung Bhutia (@bhaichung15) April 29, 2023
सभी लोग छुट्टी लेकर आओ और पहलवानों का साथ दो-सीएम केजरीवाल
सीएम केजरीवाल ने जंतर-मंतर से कहा कि सभी लोग छुट्टी लेकर आओ और इन पहलवानों का साथ दो। इन बच्चों ने देश का नाम इसलिए थोड़े ही रौशन किया था कि उन्हें इस तरह की परेशानी झेलनी पड़ जाए। सीएम ने कहा कि एक एफआईआर के लिए पहलवानों को सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ गया। जो-जो लोग इस भारतवर्ष से प्यार करते हैं, मैं अपील करता हूं छुट्टी लेकर यहां आओ, इनके साथ खड़े हो।
'मैं पूरी तरह निर्दोष, अपराधी बनकर नहीं दूंगा इस्तीफा'
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने कहा कि अगर इन पहलवानों के पुराने बयानों को सुनेंगे तो जनवरी में इन्होंने मांग की थी कि बृजभूषण शरण सिंह अपने पद से इस्तीफा दें... इस्तीफा देना कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन अपराधी बनकर के नहीं दूंगा। मैं अपराधी नहीं हूं। WFI प्रमुख ने कहा कि मैं शुरू से ही कह रहा हूं कि इसमें देश के कुछ उद्योगपतियों, जिनको मुझसे कष्ट है और कांग्रेस का हाथ है। आज दिख गया कि इसमें किसका हाथ है। बृजभूषण ने कहा, मैं अपराधी नहीं हूं। हर जांच में सहयोग के लिए तैयार हूं और सुप्रीम कोर्ट का फैसला मेरे लिए सर्वमान्य है। गोंडा में एक प्रेस वार्ता में ब्रजभूषण ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि सुप्रीम कोर्ट से मुझे और मेरे समर्थकों को न्याय मिलेगा। पिछले कई महीने से गाली पर गाली, आरोप पर आरोप से मुझे और परिवार को और समर्थकों को कष्ट होता है।
ये भी पढ़ें : 'अपराधी बनकर इस्तीफा नहीं दूंगा, साजिश के पीछे कुछ उद्योगपति', WFI प्रमुख बृजभूषण सिंह का बयान
