Kanpur: एक बार फिर चर्चा मे आया Karauli Sarkar, संदिग्ध परिस्थितयों में अधेड़ की मौत, दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
कानपुर के करौली आश्रम में संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत।
कानपुर में करौली आश्रम एक बार फिर चर्चा में आया। यहां संदिग्ध परिस्थितयों में आश्रम के अंदर अधेड़ की मौत हो गई। सचिवालय अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद डॉक्टरों का पैनल बनाकर पोस्टमार्टम जारी।
कानपुर, अमृत विचार। बीते कई माह से विवादों में घिरे करौली बाबा एक बार फिर सुर्खियों में आ गए है। करौली बाबा के लवकुश आश्रम में रविवार देर रात को एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। आश्रम के सेवादारों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव के पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग पर अड़ गए। डाक्टरों का पैनल गठित कर सोमवार को अधेड़ के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
बिधनू थानाक्षेत्र स्थित करौली बाबा उर्फ संतोष भदौरिया के लवकुश आश्रम में रविवार देर रात को ग्रेटर नोएडा निवासी देवेंद्र सिंह भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आश्रम के सेवादार कैनाल रोड निवासी गोपाल गुप्ता ने बताया कि देवेंद्र सिंह भाटी कई वर्षों से लवकुश आश्रम में परिजनों संग आते थे। बीते चार-पांच दिन पूर्व देवेंद्र आश्रम में आए हुए थे।
रविवार की सुबह देवेंद्र टहल कर अपने कमरे में चले गए। देर रात तक बाहर न निकलने पर सेवादार जानकारी करने पर कमरे में गए तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजे को तोड़कर सेवादार कमरे में दाखिल हुए तो अधेड़ जमीन पर पड़े मिले। सेवादार उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सेवादारों ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। आश्रम में अधेड़ की मौत की सूचना पर बिधनू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने साक्ष्य संकलन के फोंरेसिक टीम को मौके पर बुलाया। लवकुश आश्रम पहुंचे मृतक के परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शव का पोस्टमार्टम डॉ प्रवीण सक्सेना व डॉ वीकेएस कटियार के पैनल ने किया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित किया गया है।
शनिवार को हुई थी परिजनों से बात
करौली बाबा के लवकुश आश्रम में हुई अधेड़ की मौत की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि शनिवार देर रात को उनकी फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान देवेंद्र पूरी तरह से स्वस्थ लग रहे थे। सोमवार को आश्रम के सेवादारों ने घटना की सूचना दी, जिससे वह हतप्रभ हो गए। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
झकरकटी बस स्टैंड में महिला को फेंक गए थे बाबा के सेवादार
बीते 21 अप्रैल को झकरकटी बस स्टैंड लावारिस महिला थी, जिसे पुलिस ने उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया था। काफी खोजबीन के बाद महिला के पति रामकरन शर्मा को वह उर्सला अस्पताल में मिली। रामकरन ने बताया कि बांदा के बबेरू गांव के रहने वाले है। रामकरन के मुताबिक वह परिवार के साथ अर्रा बिनगवां स्थित केडीए कालोनी में पिछले कई वर्षों से रहता था। घर की सुख समृद्धि के लिए रामकरन ने करौली बाबा से ढाई लाख रूपये में यज्ञ कराया था। रामकरन ने बताया कि उनका परिवार करौली बाबा का भक्त था, जिस कारण पत्नी मैनादेवी आश्रम के भंडारे में निशुल्क खाना बनाने का कार्य करतीं थीं। रामकरन ने बताया कि बीती 19 अप्रैल को मैनादेवी को आश्रम में छोड़ कर गए थे। 22 अप्रैल को वह आश्रम पहुंचे तो पत्नी नही मिली। पत्नी की जानकारी करने पर आश्रम के सेवादारों ने उन्हें वहां से भगा दिया था। रामकरन ने आरोप लगाया था कि पत्नी को आश्रम के सेवादारों ने तबियत बिगड़ने पर बेहोशी की हालत में फेंका था।
नोएडा के डाक्टर के साथ की थी मारपीट
बीती 22 फरवरी को नोएडा निवासी डाक्टर सिद्धार्थ चौधरी परिजनों संग करौली बाबा के आश्रम में आए थे। आश्रम में बाबा के चमत्कार के प्रभाव को नकारने पर नाराज करौली बाब उर्फ संतोष भदौरिया के निर्देश पर उसके सेवादारों ने सिद्धार्थ के साथ मारपीट की थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बीती 19 मार्च को पुलिस कमिश्नर के आदेश पर करौली बाबा व उसके समर्थकों के खिलाफ बिधनू थाने में मुकदमा भी पंजीकृत हुआ था, हालांकि पुलिस ने इस मामले में करौली बाबा को क्लीन चिट दे दी।
