रामपुर : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी को नूरमहल का समर्थन
नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने किया ऐलान, मुख्यमंत्री योगी ने दिया शाही परिवार को दिया मान-सम्मान
रामपुर, अमृत विचार। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी को नूरमहल ने अपना समर्थन दिया है। सोमवार को नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि विकास और भाईचारे के लिए यह फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाही परिवार को मान-सम्मान दिया है उन्होंने दावा किया कि कामयाबी तय है।
स्वार उपचुनाव में पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी के समर्थन की घोषणा की है। इस क्षेत्र से चार बार विधायक रहे नवेद मियां ने कहा कि उन्होंने विकास और भाईचारे के लिए यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि शफीक अंसारी की सफलता के लिए प्रयास करूंगा, क्योंकि मेरी नजर में यह जीत मुख्यमंत्री के सुशासन की जीत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाही परिवार का साथ और मान–सम्मान दिया, इसलिए हम भी उनके साथ हैं।
उन्होंने दावा किया कि इंशाअल्लाह कामयाबी तय है। अपना दल (एस) के प्रत्याशी शफीक अंसारी ने सोमवार को नूर महल पहुंचकर पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां से मुलाकात की। नवेद मियां ने गले लगाकर उनका स्वागत किया और मीडिया की मौजूदगी में शफीक अंसारी के समर्थन की घोषणा की। नवेद मियां ने कहा कि उप चुनाव की घोषणा के दिन ही मैने गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन की घोषणा की थी।
गठबंधन ने शफीक अंसारी को उम्मीदवार बनाया है, इसलिए मैं उनका साथ दे रहा हूं। नवेद मियां ने कहा कि सपा प्रत्याशी की शिकस्त के लिए पूरी कोशिश करूंगा। सत्ताधारी दल का विधायक चुने जाने से क्षेत्र के लोगों की आवाज मजबूत होगी और मुख्यमंत्री तोहफों से नवाजेंगे। इस मौके पर पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ खां, माजिद खां उर्फ राजा खां, आरिफ खां एडवोकेट समेत काफी लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- Meera Syal: ब्रिटिश-भारतीय मीरा स्याल बाफ्टा फेलोशिप से सम्मानित, एक्ट्रेस पटकथा लेखिका और उपन्यासकार के रूप में बनाई पहचान
