Kannauj : बसपा दफ्तर पर अराजकतत्वों ने की तोड़फोड़, कार्यकर्ताओं को कार्यालय बंद करने की धमकी देकर हो गए फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में बसपा दफ्तर पर अराजकतत्वों ने की तोड़फोड़।

कन्नौज में बसपा दफ्तर पर अराजकतत्वों ने की तोड़फोड़। हमलावर फार्च्यूनर कार पर सवार होकर आए थे। कार्यकर्ताओं को कार्यालय बंद करने की धमकी दी।

कन्नौज, अमृत विचार। बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी के कार्यालय पर अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की और सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर उठा ले गए। हमलावरों ने मौजूद कार्यकर्ताओं को कार्यालय बंद करने की धमकी दी। पुलिस ने बसपा कार्यकर्ता की तहरीर पर 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

शहर के तिर्वा रोड स्थित नसरापुर में बहुजन समाज पार्टी से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी कौसर जहां अंसारी पत्नी हाजी रईस अहमद का चुनाव कार्यालय है। कार्यालय प्रभारी हाजी स्माईल पुत्र अबरार खां निवासी मोहल्ला अफसरी गुरसहायगंज ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:50 बजे कार्यालय पर दो फार्च्यूनर कार पर सवार होकर 10-15 लोग आए। कार्यालय में घुस आए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया तथा तलाशी ली।

वहां मौजूद कार्यकर्ता अमर सिंह तथा चौकीदार राजेश व कैलाश को धमकाया। अराजकतत्वों ने कार्यालय बंद कर कल से न आने और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर उठाकर भाग गए, जिससे कि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस हाजी स्माईल की तहरीर पर कार सवार 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की विवेचना कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

संबंधित समाचार