रामपुर : जया प्रदा ने आजम खां पर साधा निशाना, बोलीं- 100 प्रतिशत का नेता अब शून्य पर आ गया
रामपुर (उप्र)। भाजपा के चेयरमैन प्रत्याशी डॉ. मुसर्रत मुजीब के समर्थन में मंगलवार को पूर्व सांसद और फिल्म अभिनेत्री पूर्व सांसद जया प्रदा ने शहर में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट डालने तक का अधिकार खो चुके आजम खां अब शिखर से शून्य पर पहुंच गये हैं।
अपनी जनसभाओं में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोपों के बारे में पूछे गए सवाल पर जया ने कहा कि आजम खां बौखला गये हैं। उन्हें कोई नहीं सुधार सकता। वह आज हार रहे हैं और हार मानते हुए भी जीतने की उम्मीद करते हैं। वह अब कहां के कद्दावर नेता रह गये हैं, 100 प्रतिशत का नेता अब शून्य पर आ गया है।
उन्होंने कहा, ''आजम खां का वोट देने का अधिकार तक नहीं बचा है। मैं उनसे एक ही अपील करती हूं कि वह अब गालियां देना बंद करें और खुद को सुधारने के लिये अपने दिमाग को ठीक करें।'' इससे पहले, जया प्रदा ने शहर में रोड शो किया और जनता से भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट की अपील की। इस दौरान रामपुर के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, भाजपा सांसद घनश्याम सिंह लोधी और शहर विधायक आकाश सक्सेना भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : रामपुर : BJP सरकरा में किसी भी व्यक्ति को जाति-मजहब या धर्म के आधार पर सताया नहीं गया - भूपेंद्र चौधरी
