उन्नाव में जमीन कब्जे की शिकायत पर गई पुलिस टीम को फावड़ा-सरिया लेकर दौड़ाया
मां बेटों समेत पांच पर दर्ज किया गया मुकदमा
अमृत विचार, उन्नाव। जिले के दही थाना अंतर्गत तुर्कमान नगर गांव में जमीन पर कब्जे की शिकायत पर जांच करने पहुंची पुलिस व लेखपाल के सामने कब्जेदारों ने शिकायतकर्ता पर हमला बोल दिया। इतना ही नहीं बीच बचाव करने की कोशिश पर कब्जेदार पुलिस पर भी हमलावर हो गए। अभद्रता और धक्का मुक्की करते हुए पथराव किया और फावड़ा लेकर पुलिस को दौड़ा दिया। मामले की जानकारी पर एसओ पुलिस बल के साथ पहुंचे और चार लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले आए। जहां मां बेटों समेत कुल पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना दही अंतर्गत तुर्कमान नगर निवासी मिथलेश लोधी ने मंगलवार को थाने में दी गई तहरीर में अपने पड़ोसी उपदेश लोधी व उनके भाइयों पर जबरन जमीन पर कब्जाने की शिकायत की थी। औद्योगिक क्षेत्र चौकी इंचार्ज भीमशंकर मिश्रा, एक्शन मोबाइल के दो हेड कांस्टेबल क्षेत्रीय लेखपाल शिव प्रकाश जायसवाल के साथ गांव पहुंचे। जमीन की पैमाइश शुरू होते ही उपदेश लोधी, उसके भाई अमन, सत्यम, शिवम और उनकी मां जानकी ने मिथलेश व उसके भाई संतोष व अन्य परिजनों के साथ गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की शुरू कर दी। पुलिस ने बीच बचाव का प्रयास किया आरोपी परिवार पुलिस टीम पर ही हमलावर हो गया। ईंट-पत्थर चलाने के बाद हमलावरों ने सरिया व फावड़ा लेकर दौड़ा लिया। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पूरे मामले से एसओ को अवगत कराया। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस की वर्दी फाड़ने का भी प्रयास किया।
पुलिस टीम पर हमले की सूचना पर एसओ दही राघवेंद्र सिंह भरी पुलिस बल के साथ पहुंचे और उपदेश व उसके भाई शिवम, सत्यम और अमन को पकड़कर थाने ले आए। एसओ ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र चौकी इंचार्ज भीम शंकर मिश्र की तहरीर पर चारों भाइयों और उनकी मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढ़ें - बहराइच: घर में सो रहे बड़े भाई पर किया डंडे से घातक वार, हुई मौत
