Unnao News : सफाई के दौरान गिरा छज्जा, मलबे में दबकर युवक की मौत, परिजनों में मची चीख-पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में मलबे में दबकर युवक की मौत।

उन्नाव के औरास थानाक्षेत्र के मीठेपुर गांव में सफाई के दौरान छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबकर युवक की मौत हो गई।

उन्नाव, अमृत विचार। औरास थानाक्षेत्र के मीठेपुर गांव में सफाई के दौरान छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गया। सफाई कर रहा युवक मलबे में दब गया। परिजनों ने आनन-फानन मलबा हटाकर उसे निकाला। गंभीर घायल युवक को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। जहां ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

औरास थानाक्षेत्र के कन्हैयाखेड़ा गांव के मजरा मीठेपुर निवासी अवधेश (25) पुत्र शिवनंदन मंगलवार शाम अपने घर के छज्जे पर चढ़कर उसकी सफाई कर रहा था। इसी दौरान छज्जा अचानक गिर गया। तेज आवाज सुनकर दौड़े परिजनों ने मलबा हटाकर उसमें दबे अवधेश को बाहर निकाला। गंभीर घायल होने से उसे सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने हालत चिंत जनक देख उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।

परिजन उसे लखनऊ ले जा रहे थे तभी रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। अवधेश की मौत पर पत्नी प्रियंका समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पुलिस ने ऐसी किसी सूचना से इंकार किया है।

 

 

संबंधित समाचार