Kannauj में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बारिश के बीच किया रोड शो, बोले- विकास के नाम पर BJP ने फैलाई नफरत
कन्नौज के गुरसहायगंज में अखिलेश यादव ने किया रोड शो।
कन्नौज के गुरसहायगंज में बारिश के बीच अखिलेश यादव ने रोड शो किया। वहीं, तालग्राम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर बीजेपी ने नफरत फैलाई।
कन्नौज, अमृत विचार। जनपद में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सपा मुखिया व पूर्व सीएम अखिलेश यादव का काफिला सिकंदरपुर से समधन होता हुआ नगर पहुंचा। यहां बारिश के बीच उन्होंने छाता लगाकर रोड-शो किया। नगर भ्रमण कर जनता से सपा को जिताने की अपील की। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बुधवार की शाम तय समय से दो घंटे देर से लगभग 4.30 बजे सपा मुखिया का काफिला नगर के जीटी रोड स्थित चकोर पैट्रोल पम्प पर पहुंचा। यहां पहले से तैयार विजय रथ पर वह सपा राष्ट्रीय सचिव प्रजापति अनिल आर्य, पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, पूर्व पालिकाध्यक्ष धीरेन्द्र आर्य, प्रत्याशी राज सिंह उर्फ छोटे ठाकुर के साथ सवार हो गए और बारिश के बीच छाता लगाकर रोड-शो का आगाज किया। काफिला पेट्रोल पम्प जीटी रोड से प्रारम्भ होकर नगर के तिराहा, चौराहा होता हुआ पूर्वी क्रासिंग तक पहुंचकर खत्म हुआ।
इसके बाद काफिला कन्नौज की ओर रवाना हो गया। इस बीच पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने हाथ जोड़कर व जनता का अभिभावदन कर सपा को जीत दिलाने की अपील की। समर्थकों, सपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान रामसेवक बाथम, पूर्व प्रधान हारून सिददीकी, नगर अध्यक्ष मुकीम खां, मनोज अग्रवाल, रणधीर ठाकुर, बड़े ठाकुर, पप्पन गुप्ता, मनी गुप्ता, अमित यादव, अजीम सिददीकी, मकबूल अहमद, फिरदौस आलम, इजहार आलम, आफताब, विजय गुप्ता सहित सैकड़ों समर्थक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व सीएम ने समधन में बनाई रणनीति
गुरसहायगंज पहुंचने से पहले पूर्व सीएम का काफिला समधन पहुंचा। जहां सपा प्रत्याशी के घर पहुंचकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रफी अनवर सिद्दीकी, गुफरान सिददीकी, बसीम उर्फ लल्ला, अताउर्रहमान आदि के साथ चर्चा कर चुनाव की जानकारी ली।
विकास के नाम पर भाजपा ने फैलाई नफरत : अखिलेश
जनता को सुविधाएं देने और विकास के नाम पर भाजपा ने जनता में नफरत फैलाने का कार्य किया है। क्योकि मुख्यमंत्री को विकास पसंद नहीं है। यदि भाजपा ने विकास किया होता तो निकाय चुनाव में उनके नेताओं को जाना नहीं पड़ता। सुविधाओं के नाम पर राजस्व बसूलने वाली सरकार जनता को बिजली नहीं दे पा रही है। भाजपा सरकार में डीजल, पैट्रोल, गैस महंगी है। जिससे आम आदमी परेशान है। इसका हिसाब जनता निकाय चुनाव में भाजपा से लेगी।
यह बात बुधवार को पूर्व सीएम व सपा सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कस्बा तालग्राम में सपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कही। भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश में विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं किया। भाजपा सरकार में कानून का राज और विकास सिर्फ कागजों पर ही नजर आ रहा है। इस दौरान पूर्व विधायक अरविन्द सिंह यादव, सपा प्रत्याशी जानू खां, शैलेन्द्र सिंह यादव, डा. अजयपाल सिंह यादव, इरशाद नेता, रीपू यादव आदि मौजूद रहे।a
