Unnao Accident : Lucknow Agra Expressway पर खड़े ट्रक से टकराई डीसीएम, चालक की मौत, छह माह पूर्व हुई थी शादी
लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर उन्नाव में हादसे में युवक की मौत।
लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर उन्नाव में खड़े ट्रक से टकराई डीसीएम टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई। राजस्थान से दरी लाद कर बहराइच जा रहा था। मृतक की छह माह पूर्व शादी हुई थी। पत्नी का सुहाग उजड़ गया।
उन्नाव, अमृत विचार। लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर औरास थानांतर्गत बड़ादेव गांव के पास बीती देररात करीब डेढ़ बजे जयपुर से बहराइच जा रही डीसीएम खड़े ट्रक में जा टकराई। सूचना पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने केबिन में फंसे चालक को निकालकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मथुरा जिला के गोवर्धन थानांतर्गत गोवर्धन कुंड निवासी नरेश (30) पुत्र मोहन डीसीएम चालक था। वह जयपुर से डीसीएम में दरी लादकर बहराइच जा रहा था। लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर औरास थानांतर्गत बड़ादेव गांव के पास किमी संख्या-275 पर डीसीएम रोड किनारे खड़े ट्रक में जा टकराई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
सूचना पर पहुंची यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने केबिन में फंसे नरेश को निकालकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मेमो पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज उसके पास मिले मोबाइल के जरिए परिजनों से संपर्क कर जानकारी दी। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया गया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत पर मां केसर, पत्नी कल्पना, भाइयों चंद्रप्रकाश, लक्ष्मीकांत, नंदकिशोर आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छह माह पूर्व हुई थी कल्पना से शादी
परिजनों के अनुसार नरेश की शादी कल्पना से बीते छह माह पूर्व ही हुई थी। मात्र छह माह में पति की मौत होने से इसका सबसे अधिक सदमा कल्पना को पहुंचा है। हादसे ने छह माह पूर्व सुहागन बनी कल्पना की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया।
