Banda News : संगठन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा पर भड़के बजरंगी, कांग्रेस का पुतला फूंक कर किया प्रदर्शन
बांदा में बजरंगियों ने कांग्रेस का पुतला फूंका।
बांदा में संगठन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा पर बजरंगी भड़के। बजरंगियों ने कांग्रेस का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। गांवों व शहरों के मंदिरों में हनुमान चालीसा का ऐलान किया।
बांदा, अमृत विचार। कांग्रेस द्वारा घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा से बजरंग दल कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। भड़के बजरंग दल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने पार्टी का प्रतीकात्मक पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। बजरंगियों ने गांवों व शहरों के मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ का एलान किया।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। संगठन पर प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी मिलते ही बजरंगियों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय के सामने बजरंग दल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड अवस्थी धर्मशाला स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेस का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की।
बजरंग दल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कहा कि बजरंग दल एक राष्ट्रवादी संगठन है, जो आतंकवाद और लव जिहाद का विरोध करता है। कांग्रेस लगातार हिंदुत्व विरोधी कार्य कर रही है। बताया कि गांव में और शहरों के मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे, जिससे नकारात्मक ऊर्जा दूर हो सके।
