रामपुर: मामूली मारपीट के बीच रामपुर में 52.77 प्रतिशत मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मतदान करने मे फिसड्डी रहे शहरी बाबू, टांडा के मतदाता अव्वल

रामपुर, अमृत विचार। मामूली मारपीट के बीच जिले में 52.77 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान करने में शहरी बाबू फिसड्डी रहे जबकि, टांडा के मतदाता अव्वल रहे।  जिले में 516027 मतदाताओं के सापेक्ष 272313 लोग वोट डालने के लिए बूथ तक पहुंचे। वोट डालने में नगर पालिका परिषद टांडा के मतदाता अव्वल रहे उन्होंने 77.08 प्रतिशत मतदान किया। 

मतदान के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला समेत तमाम अधिकारी मतदेय स्थलों पर पहुंचते रहे। मतदेय स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहे। 

स्थानीय निकाय चुनाव में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 52.77 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान के दौरान शहर के मोहल्ला घेर मरदान खां में आप और भाजपा के समर्थक फर्जी मतदान को लेकर भिड़ गए लेकिन, बीच-बचाव कर दिया। इसके अलावा थाना गंज क्षेत्र के मोहल्ला घेर सैफुद्दीन खां के बूथ पर वार्ड नंबर 32 के निर्दलीय प्रत्याशी मोअज्जम और सपा प्रत्याशी शमीम मियां के बीच मारपीट हुई जिसमें मोअज्जम का सिर फूट गया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मतदान करने के मामले में शहरियों ने सुस्ती दिखाई और 38.91 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि, नगर पालिका परिषद रामपुर के लिए प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। नगर पालिका परिषद स्वार के लिए 70 प्रतिशत मतदान हुआ। मसवासी में 72.47 प्रतिशत, नरपतनगर में 60.79 प्रतिशत, मिलक में 68.63 प्रतिशत, बिलासपुर में 65.25 प्रतिशत केमरी में 64.83 प्रतिशत, टांडा में 77.08 प्रतिशत, दढ़ियाल में 66.02 प्रतिशत, शाहबाद में 63.78 प्रतिशत और सैफनी में 55.23 प्रतिशत मतदान हुआ है।

ये भी पढ़ें- रामपुर : जिले में चार और कोरोना संक्रमित मिले, आरटीपीसीआर जांच में हुई संक्रमण की पुष्टि

संबंधित समाचार