Jalaun News : कांग्रेस दफ्तर के बाहर से खदेड़े गए बजरंगी, पुलिस से हुई नोंकझोंक, पुलिस फोर्स तैनात रहा
जालौन में कांग्रेस दफ्तर के बाहर से बजरंगी खदेड़े गए।
जालौन में कांग्रेस दफ्तर के बाहर से बजरंगी खदेड़े गए। इस पर बजरंगियों की पुलिस ने नोंकझोंक भी हुई। बजरंगियों ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस दफ्तर में हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान किया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एसपी से शिकायत की थी।
जालौन, अमृत विचार। शहर में कांग्रेस दफ्तर के पास वाला इलाका उस समय सुर्खियों में आ गया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की ओर से कांग्रेसी कार्यालय में हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान कर दिया गया। इसके बाद शिकायत पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और वहां पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। जैसे ही विश्व हिन्दूपरिषद के पदाधिकारियों के साथ बजरंगी वहां पहुंचे तो पुलिस ने उनका रास्ता रोक लिया। बैरीकेडिंग को पार करने का प्रयास किया तो पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए खदेड़ा। यह देख वहां आसपास हड़कंप मच गया।
कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी घोषणा पत्र में पीएफआई के साथ-साथ हिंदू संगठन बजरंग दल को वैन करने की बात घोषणापत्र में कही गई थी। यही बात बजरंगियों को खराब लगी। उन्होंने विरोध करने के लिए हनुमान चालीसा का सहारा लिया। सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यालय में हनुमान चालीसा पाठ करने और वहां पर घेराव करने का ऐलान कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल सूचना पर नेताओं का एकजुट होना शुरू हो गया। शुक्रवार को विहिप जिलाध्यक्ष गुरुप्रसाद शर्मा, जिला मंत्री आचार्य तेजस, अनिकेत, अभिनव दीक्षित, सूरज यादव, अर्जुन राठौर, बलवीर जादौन, ओमकार ठाकुर उर्फ बिक्की आदि हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बजरंगी कार्यकर्ता रामनगर स्थित कांग्रेस कार्यालय शहीद भवन पहुंच गए।
उधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपांशु समाधिया ने इसकी सूचना एसपी को देकर सुरक्षा की मांग की। इसके बाद पुलिस फोर्स कार्यालय के बाहर तैनात हो गया। जैसे ही कार्यकर्ता कार्यालय की तरफ आए तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर पुलिस से उनकी झड़प भी हुई। लेकिन वह नहीं माने जिस पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। बल प्रयोग करते हुए दौड़ा लिया। जिससे वहां भगदड़ मच गई।
पुलिस ने कार्यकतार्ओं को हिरासत में लेकर मामले को शांत कराया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट रामप्रकाश, सीओ सिटी गिरिजाशंकर त्रिपाठी, कोतवाल शिवकुमार राठौर ने कार्यकताओं को समझा बुझाकर शांत किया।
पुलिस प्रशासन के बल प्रयोग के विरोध में प्रदर्शन
बजरंग दल कार्यकतार्ओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस के घोषणा पत्र का विरोध तो बताया ही गया साथ में पुलिस प्रशासन की ओर से लाठी चार्ज की निंदा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस ने लाठी चार्ज किया। यहां के बाद प्रदर्शनकारी रामनगर में स्थित हनुमान मंदिर में जाकर कार्यकतार्ओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र की प्रतियां भी जलाई। प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस कार्यालय में दो घंटे तक शहर का पुलिस फोर्स तैनात रहा।
