Unnao Accident: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसों में बुजुर्ग समेत तीन की मौत, नौ घायल, हादसे के बाद आवागमन बाधित
उन्नाव में हादसों में बुजुर्ग समेत तीन की मौत।
उन्नाव के औरास और मौरावां थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत तीन की मौत हो गई। जबकि नौ लोग घायल हो गए। घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
उन्नाव, अमृत विचार। औरास थानाक्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे और सर्विस लेन पर शुक्रवार देर रात अलग-अलग हादसों में बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि नौ लोग घायल हो गए। छह घायलों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इसके अलावा एक हादसे में मौरावां थानांतर्गत युवक की मौत हो गई।
हादसा-1
टायर फटने से बेकाबू कार रेलिंग तोड़ खई में गिरी, एक मौत छह घायल
गजियाबाद के राजनगर विस्तार आफिसर सिटी दो निवासी विजय बजाज (65) पुत्र स्व. रामप्रकाश, उनकी पत्नी रेखा बजाज (60), अपने बेटे जतिन (35), बहू वर्षा (30), दो मासूम पौत्रियों अमायरा (9) व समायरा (7) और हरियाणा के अशोका गार्डन कालोनी थाना कैथल निवासी चालक मोहित नंदा (27) के साथ गजियाबाद से लखनऊ की वृदांवन कालोनी में परिवार सहित शिफ्ट होने जा रहे थे। लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार भोरपहर औरास थाना क्षेत्र के गहाखेड़ा गांव के पास कार अगला टायर फटने अनियंत्रित होकर सेफ्टी रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम और पुलिस पहुंची। आनन फानन सभी को कार से निकाल सीएचसी पहुंचाया गया। डाक्टर ने विजय बजाज को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों में मृतक की पत्नी रेखा, बहू वर्षा, जतिन, अमायरा, समायरा और मोहित नंदा को उपचार दिया गया। जिनमें रेखा, वर्षा व मोहित को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। यूपीडा कर्मियों ने हाइड्रा की मदद से कार का बाहर निकलवा कर औरास टोल प्लाजा पर खड़ी करा दी है। एसओ राजकुमार ने बताया कि अनियंत्रित कार खाई में गिरने की घटना में एक वृद्ध की मौत हुई है जबकि तीन गंभीर घायलों को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसा-2
एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर टकराई दो बाइकें, एक की मौत, तीन घायल
लखनऊ जनपद के दुबग्गा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मलपुर निवासी सुनील कुमार (30) पुत्र जुग्गीलाल औरास थाना क्षेत्र के अजिगांव निवासी साढू सुनील के घर में मुंडन संस्कार से होकर वापस लखनऊ लौट रहा था। औरास थानाक्षेत्र के कोईलिया खेड़ा गांव के पास एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन पर उसकी बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गयी। हादसे में सुनील कुमार के साथ दूसरी बाइक पर सवार औरास थाना क्षेत्र के शिवाला गांव निवासी सुनील यादव (40) उसकी पत्नी सुशीला (35) और बेटा प्रांजल (13) भी घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के कटिघरा गांव स्थित ससुराल से वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने लखनऊ निवासी सुनील कुमार को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक सवार दंपति व बच्चे को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर मिले लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी मृतक के मौसा अजय ने बताया कि सुनील दो बहनों की बीच अकेला भाई थी। बहनों रोशनी व चांदनी की शादी हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत पर मां ज्ञानवती बेहाल है। एक साल में ही मांग का सिंदूर उजड़ने मृतक की पत्नी काजल का भी रो रोकर बुरा हाल है। सुनील प्लंबर का काम कर रोजी रोटी कमाता था। एसओ राजकुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
हादसा-3
बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
मौरावां थाना क्षेत्र के हिलौली-करदहा मार्ग पर संदाना बाजार के पास मौरंग लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रिश्तेदार के घर से लौट रहे इसी थाना क्षेत्र के बरदहा गांव निवासी राकेश कुमार पासवान (25) की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो परिजन और ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। जिसके चलते मार्ग पर जाम की स्थिति बन गयी। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक उदयराज यादव ने परिजनों कड़ी कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। इस दौरान करीब मार्ग पर तकरीबन डेढ़ घंटे आवागमन बाधित रहा। राकेश की मौत पर मां नन्हकई व पत्नी रोशनी समेत परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था और पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। एसओ अमरनाथ सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक कब्जे में लेते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
