बरेली: दबाए बैठे रहे बजट, 300 बेड अस्पताल में अटका रहा संपवेल का निर्माण
चार माह पहले डिप्टी सीएम दौरे पर आए तो स्वास्थ्य विभाग ने आननफानन में बजट निर्माण एजेंसी को ट्रांसफर किया
बरेली, अमृत विचार। 300 बेड अस्पताल में संपवेल का निर्माण होना था, इसके लिए एक साल पहले शासन स्तर से बजट जारी कर दिया गया, लेकिन स्वास्थ्य विभाग बजट दबाए बैठा रहा। उसने रुपये निर्माण एजेंसी के खाते में नहीं भेजे। इस वजह से संपवेल का निर्माण अटका रहा। चार माह पहले डिप्टी सीएम दौरे पर आए तो विभाग ने आननफानन में निर्माण एजेंसी के खाते में रुपये ट्रांसफर किए।
गत वर्ष मुंबई के एक अस्पताल में हुए अग्निकांड में कई मरीजों की जान चली गई थी। जिसके बाद शासन ने 300 बेड अस्पताल में अग्निशमन के इंतजाम के लिए करीब 3 करोड़ का बजट स्वीकृत किया था। 2 करोड़ के बजट से अग्निशमन उपकरण लगाए गए, लेकिन संपवेल का निर्माण नहीं कराया गया।
विभागीय सूत्रों के अनुसार बीते वर्ष ही संपवेल निर्माण को लेकर करीब 77 लाख रुपये सीएमओ कार्यालय में स्टेट बजट के अंतर्गत आए थे, लेकिन राजकीय निर्माण निगम को रुपये ट्रांसफर नहीं किए गए। निर्माणदायी संस्था ने कई बार रिमाइंडर भेजा, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। चार माह पहले जब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के दौरे का कार्यक्रम आया तो सीएमओ आफिस में खलबली मच गई, जो बजट इतने दिनों से अटका था, उसे ट्रांसफर करने में विभाग को सिर्फ एक दिन लगा। फिलहाल, अभी संपवेल का निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
संपवेल निर्माण के लिए जो बजट शासन से मिला था, वह निर्माणदायी संस्था को भेज दिया गया है। जल्द ही निर्माण शुरू कराने को संस्था को पत्र भेजा जाएगा---डॉ. बलवीर सिंह, सीएमओ।
यह भी पढ़ें- बरेली: क्षेत्र के विकास के लिए सबसे पहले सड़क बनवाऊंगा- अशोक अरोड़ा
