हमीरपुर: विद्यालय के पास मिला अधेड़ व्यक्ति का शव, जताई जा रही हत्या की आशंका
मौदहा/ हमीरपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गाँव छिरका में अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जबकि मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
मंगलवार की सुबह छिरका स्थित सरकारी विद्यालय के निकट एक अधेड़ का शव मिलने की खबर गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने मृतक की शिनाख्त गांव निवासी शिवसिंह (62) पुत्र सुनील के रूप में की है। वहीं मृतक के शरीर में मिले चोट के निशान देख ग्रामीणों ने मामले को संदिग्ध बताया है। साथ ही दबी जुबान अधेड़ हत्या किये जाने की बात कह रहे हैं। मृतक अपने चार भाइयों के बीच का था। मृतक की शादी नहीं हुई थी। गांव में ही खेतिहर मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था। यह भी बताया कि मृतक के दूसरी जाति की एक महिला से संबंध थे।
घटना के संबंध में कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक शराब का आदि था और सम्भवतः अधिक शराब पीने के कारण गिर गया होगा जिसके चलते सिर और शरीर में चोंट आ गई हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जो भी तथ्य सामने आएंगे कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।
ये भी पढ़ें - बहराइच: घर के बाहर से किशोरी को उठा ले गया समुदाय विशेष का युवक, केस दर्ज
