UP Nikay Chunav : Farrukhabad में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किया रोड शो, भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किया रोड शो।

फर्रुखाबाद में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किया रोड शो। गुरुगांव देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। वहां से लालदरवाजा तक रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए वोट देने की अपील की।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत दिलाने के लिए माहौल बनाने आए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने गुरुगांव देवी मंदिर में मां मौरी की आरती कर मत्था टेक कर प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रार्थना की। इसके बाद रोड शो किया।

उन्होंने नगर पालिका सदर की भाजपा प्रत्याशी जिलाध्यक्ष की मां को भारी बहुमत से दिलाने की जनता से अपील की। उन्होंने किा कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों की जीत हो रही है। 

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मंगलवार को दोपहर में 2.24 बजे हेलीकाप्टर से गुरुगांव देवी मंदिर के पीछे बने हैलीपैड पर उतरे। इसके बाद वह सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी समेत अन्य नेताओं के साथ मंदिर में गए। वहां पुजारी कैलाश चंद्र व अंकित ने मां गौरी की पूजा अर्चना करा कर आरती कराई।

उन्होंने नगर पालिका सदर की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सुषमा गुप्ता व अन्य नगर पंचायत के अध्यक्ष पद प्रत्याशियों के लिए प्रार्थना कर माथा टेका। इसके बाद डीसीएम को सजा कर बनाए गए रथ पर सवार हुए। उनके साथ सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक सुशील शाक्य, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव,  कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष कुलदीप गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, वरिष्ठ भाजपा नेत्री डा रजनी सरीन के साथ रोड शो शुरू किया।

उनके काफिले में पांच सजे रथों के अलावा करीब 50 कार और कई बाइक सवार शामिल रहे। सभी पर पार्टी का झंडा लगा हुआ था। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता नीचे रथ के आगे-आगे चले और अपनी मां को विजय बनाने के लिए लोगों से मतदान करने की अपील करते रहे। रोड शो में बड़ी संख्या में महिलाएं ने भगवा कमल फूल की छपी हुई साडियां को पहन कर भाग लिया।

उपमुख्यमंत्री ने रथ से अभिवादन कर कर भाजपा प्रत्याशी सुषमा गुप्ता को विजय बनाने के लिए कमल फूल पर मतदान करने की अपील की। गुरुगांव देवी मंदिर से जुलूस के साथ रथ से जनता का अभिवादन करते हुए मुख्य मार्ग से बीबीगंज, मऊदरवाजा तिकोना, पक्का पुल, चौकबाजार, नेहरू रोड, घूमना होते हुए लालसराय, लाल गेट फव्वारा के पास 3.44 पर पहुंचे।  

इस रोड शो मे प्रभारी मंत्री योगेंद्र पाठक, विश्वास गुप्ता, हिमांशू गुप्ता, संजीव गुप्ता, आदेश गुप्ता, मोहन अग्रवाल, स्वदेश दुबे, मीरा सिंह, चित्रा अग्निहोत्री समेत कई लोग शामिल रहे। लालदरवाजा पर रोड शो का समापन हुआ। इससे पहले टाउन हाल पर मुसलमानों ने उप मुख्यमंत्री पर फूल बरसाए। यह देखकर उप मुख्यमंत्री खुश हुए।  

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पार्टी के प्रत्याशी प्रचंड बहुत से जीतेंगे। बजरंग दल पर कांगेस ने जो कहा है, उसका खामियाजा कांग्रेस को झेलना होगा। नगरीय निकाय चुनाव में सपा कहीं नहीं हैं। रोड शो के दौरान एक एंबुलेंस आ गई। जिसको देखकर सुरक्षा कर्मियों ने आनन फानन में लोगों को रास्ते से हटाया और एंबुलेंस को निकाल दिया। 


धुंध उड़ने से परेशान हुए पुलिस कर्मी 

गुरुगांव देवी मंदिर के पीछे हेलीपैड बनवाया गया। इस पर पानी का छिड़काव नहीं कराया गया। इस कारण हेलीकाप्टर उतरने पर उड़ी धूल ने सभी को अपने आगोश में ले लिया। इससे पुलिस कर्मी और आम लोग परेशान हुए। 

उपमुख्यमंत्री से आने से दुकानदारों को हुआ नुकसान

भाजपा प्रत्याशी का माहौल बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक मंगलवार को रोड शोर करने आए। उनका रोड शो शांतिपूर्ण तरीके से हो सके, इसके लिए पुलिस ने अधिकांश दुकानों को बंद करा दिया। दुकान बंद होने से दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। 

दो-दो लीटर गाड़ियों में डलवाया गया पेट्रोल

उप मुख्यमंत्री के रोड शो में शामिल होकर बाइक लेकर पहुंचे लोगों की बाइक में मंदिर के पास स्थित एक पेट्रोल पर दो –दो लीटर पेट्रोल भरवाया गया। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को दो-दो लीटर पेट्रोल की पर्ची दी गई। यह पेट्रोल पंप एक भाजपा नेता का था।

संबंधित समाचार