शाहजहांपुर: भाजपा के रोड शो में खन्ना बने मेयर प्रत्याशी अर्चना के सारथी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को देर शाम प्रचार थम गया। गली-मोहल्लों में वोट मांगने के लिए मच रहा शोर भी थम गया। अंतिम दिन भाजपा ने मेयर पद की प्रत्याशी अर्चना वर्मा के लिए वोट मांगने को नगर में रोड शो किया, जिसमें सारथी की भूमिका प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने निभाई। उनके साथ लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद, सांसद अरुण सागर, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष पति अजय प्रताप यादव भी लोगों से वोट मांगते दिखे।

चुनाव प्रचार थमने के दिन भाजपा ने पारंपरिक ढंग से केरूगंज स्थित महाराजा अग्रसेन भवन से पदयात्रा शुरू की। रोड शो को लेकर कार्यकर्ताओं और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और जितिन प्रसाद के समर्थकों में खासा उत्साह दिख रहा था। एक तरह से देखा जाए तो रोड शो भाजपा के कद्दावर नेता सुरेश खन्ना का शक्ति प्रदर्शन ही था। सिर पर केसरिया टोपी पहने और पार्टी का झंडा लिए कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ नारेबाजी करते हुए चल रहे थे।

हजारों की भीड़ के पीछे एक वाहन पर मेयर प्रत्याशी अर्चना वर्मा, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और जितिन प्रसाद, सांसद अरुण सागर, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता केसरिया पगड़ी पहने हाथ हिलाकर और कभी हाथ जोड़कर वोट मांग रहे थे। वहीं, स्वागत करने को आतुर समर्थक फूल मालाएं वाहन पर फेंककर या कभी वाहन पर चढ़कर ही फूल मालाएं पहना रहे थे। छतों से भी फूलों की जबरदस्त वर्षा कर स्वागत किया गया। रास्ते भर पार्षद पद के प्रत्याशी भी दलबल के साथ रोड में शामिल होते रहे।

चिलचिलाती धूप में लोगों ने जगह-जगह पानी के स्टाल भी लगा रखे थे। कहीं-कहीं समोसे भी बांटे गए। रोड शो में मुख्य रूप से जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपी सिंह, अर्चना वर्मा के पति राजेश वर्मा, डॉ. रवि मोहन, डॉ. यूडी कपूर, डॉ. विवेक गुप्ता, डॉ. विकास टंडन, डॉ. अरविंद वर्मा, डॉ. हेमेंद्र वर्मा, अवधेश दीक्षित, सुचित सेठ, वैभव खन्ना, राजेश अवस्थी, ब्लाक प्रमुख राजाराम वर्मा, चंद्र शेखर खन्ना, संजीव राठौर, पंकज सक्सेना, अल्पना श्रीवास्तव, शिल्पी गुप्ता, हेमा अग्रवाल, क्षमा वर्मा, पूनम मेहरोत्रा, अभिषेक सागर, दिवाकर मिश्रा, रामरक्ष पाल, सुधीर गुप्ता समेत हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर : पत्नी का चुनाव प्रचार कर रहे हेड मास्टर का वीडियो वायरल, निलंबित

संबंधित समाचार