Kanpur: दीवार गिरने से कारोबारी की दबकर मौत, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहुंचे थे गोदाम, पत्नी लड़ चुकी मेयर चुनाव
कानपुर में खुदाई के दौरान दीवार गिरने से मलबे में कारोबारी की दबकर मौत।
कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में गोदाम के बेसमेंट में खुदाई के कारण मलबे में दबकर कारोबारी की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पत्नी मेयर का चुनाव लड़ चुकी।
कानपुर, अमृत विचार। पनकी थानाक्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में चल रहे निर्माणाधीन गोदाम के बेसमेंट की खुदाई के दौरान एक हादसा हो गया। यहां दीवार गिरने से चपेट में आए कारोबारी की दबकर मौत हो गई। इस दौरान हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े और सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मलबे के नीचे दबे कारोबारी को बाहर निकालकर नाजुक हालत में अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अफीम कोठी के रहने वाले कारोबारी 60 वर्षीय रतन गुप्ता भाजपा उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष थे। पनकी के इस्पातनगर स्थित बी 20 में रतन गुप्ता का पिछले एक वर्ष से सरिया, सीमेंट के गोदाम का निर्माण चल रहा है। मंगलवार शाम चार बजे करीब गोदाम के पिछले हिस्से में बेसमेंट के लिए खुदाई की जा रही थी। तभी बगल में स्थित हिमांशु गुप्ता के डिटर्जेंट गोदाम की करीब 25 फीट लंबी व 15 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभरा कर बेसमेंट की ओर जा गिरी।
इस दौरान उसकी चपेट में आकर वहां खड़े रतन गुप्ता मलबे के नीचे बुरी तरह से दब गए। इसके बाद हादसे से मजदूर घबराकर वहां से भाग निकले। आसपास के लोगों ने मलबे के नीचे दबे रतन गुप्ता को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसीपी पनकी निशंक शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अगर परिजन मजदूरों के भागने की बात कह रहे हैं, तो कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से गोदाम पहुंचे, मोबाइल आने पर रुके थे
कारोबारी व भाजपा नेता रतन गुप्ता मंगलवार को हुई मुख्यमंत्री की जनसभा में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही वह गोदाम पहुंचे थे। गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों के अनुसार बेसमेंट के लिए चल रही खुदाई का काम देख कर रतन गुप्ता वहां से जाने लगे, तभी मोबाइल पर फोन आ जाने पर वह वहां रुक कर बात करने लगे। इस दौरान हृदयविदारक घटना हो गई।
मेयर का चुनाव लड़ी चुकी पत्नी
कारोबारी व भाजपा नेता रतन गुप्ता सभी की मदद के लिए जाने जाते थे। उनकी पत्नी माया ने पिछली बार निकाय चुनाव के दौरान सपा के टिकट पर मेयर प्रत्याशी थी। हालांकि वह चुनाव हार गई थी। जिसके कुछ समय बाद रतन गुप्ता ने भाजपा का दामन थाम लिया था।
मौके से मजदूरों के भाग जाने की बात
गोदाम कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त वहां काम कर रहे मजदूर घबरकर मौके से भाग निकले थे। आरोप लगाया कि इसके चलते मौके पर उन लोगों को मलबे के नीचे दबे रतन गुप्ता की जगह के बारे में सही जानकारी नहीं हो सकी। डेढ़ घंटे मलबे के नीचे दबे होने के चलते रतन गुप्ता ने दम तोड़ दिया। कहना था कि अगर मजदूर समय रहता उन निकाल लेते तो उनकी जान बच सकती थी। लेकिन उन लोगों ने ऐसा नहीं किया।
