हल्द्वानी: बीच राह ठप हुई रोडवेज की सीएनजी बस, यात्री परेशान
सीएनजी खत्म होने से रात 11 बजे दिल्ली से 25 किमी. पहले हुई बंद
परिचालक ने लगाया सीएनजी बसों में तकनीकी खामी का आरोप यात्रियों ने किया हंगामा, 11 यात्रियों को वापस की टिकट की धनराशि
हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी से दिल्ली जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की अनुबंधित सीएनजी संचालित बस मंगलवार देर रात सीएनजी खत्म होने के कारण दिल्ली से 25 किमी. पहले ठप हो गई। इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बीच राह बस बंद हो जाने पर परिचालक ने 11 यात्रियों को उनके टिकट की धनराशि की। साथ ही बस को ट्रैक्टर से खींचकर सीएनजी स्टेशन ले जाना पड़ा।
हल्द्वानी डिपो की वाहन संख्या यूके 06-1696 मंगलवार को हल्द्वानी से दिल्ली के लिए रवाना हुई। सीएनजी खत्म होने के कारण रात लगभग 11 बजे गाजियाबाद के पास बस ठप हो गई। इससे यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। गुस्साए यात्रियों ने उत्तराखंड परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बस के परिचालक आनंद सती ने बताया कि गंतव्य से लगभग 25 किलोमीटर पहले गाजियाबाद के पास सीएनजी खत्म होने के कारण बस बंद हो गई और यात्रियों को भेजने के लिए दूसरी बस के इंतजार में 1 घंटा लग गया।
लेकिन किसी भी बस में सीट उपलब्ध नहीं हो पाई। इस पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में 11 यात्रियों को उनके टिकट की धनराशि वापस की गई। परिचालक ने कहा कि सीएनजी बसों के फ्यूल टैंकों की क्षमता कम है जिस कारण कई बार गंतव्य से पहले सीएनजी खत्म हो जा रही है। बताया कि एक बार में अधिकतम 104 किलो भरने की अनुमति है।
साथ ही बताया कि राज्य में सीएनजी के रेट दिल्ली और अन्य राज्यों से ज्यादा है। बताया कि उन्होंने रुद्रपुर से 22 किलो सीएनजी और मुरादाबाद से 35 किलो सीएनजी भरवायी। उन्होंने सीएनजी बसों में तकनीकी खामी का आरोप लगाया। बताया कि किसी तरह यात्रियों को शांत कराया गया और हल्द्वानी डिपो के सहायक महाप्रबंधक सुरेंद्र सिंह बिष्ट के आदेश के बाद 11 लोगों को टिकट की धनराशि वापस की और ट्रैक्टर की मदद से बस को दिल्ली ले गए जहां सीएनजी भरी गई।
कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष आन सिंह जीना ने बताया कि अनुबंधित बसों में आए दिन समस्याएं सामने आ रही हैं। जिससे परिवहन निगम की छवि धूमिल हो रही है। निगम को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
