मुरादाबाद: मरीजों का कोरोना तनाव दूर करेगी काउंसलिंग टीम
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण से बचाव के साथ-साथ उसके तनाव से भी बचने की जरूरत है। इसके लिए जरूरी है कि आप वह काम करें जिसमें आपको रुचि हो। कोरोना की खबरों से बचने का प्रयास करें और स्वस्थ रहने तरीके अपनाएं। कुछ इस तरह के सुझाव अब अस्पताल इमरजेंसी व ओपीडी की काउंसलिंग …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण से बचाव के साथ-साथ उसके तनाव से भी बचने की जरूरत है। इसके लिए जरूरी है कि आप वह काम करें जिसमें आपको रुचि हो। कोरोना की खबरों से बचने का प्रयास करें और स्वस्थ रहने तरीके अपनाएं। कुछ इस तरह के सुझाव अब अस्पताल इमरजेंसी व ओपीडी की काउंसलिंग टीम मरीजों को देगी। जिला अस्पताल में अब यह व्यवस्था लागू की गई है। इससे मरीजों का कोरोना तनाव दूर करने की कोशिश की जाएगी।
कोरोना काल में संक्रमितों की बढ़ती संख्या लोगों को भी मानसिक तनाव दे रही है। बुखार और मामूली सर्दी-खांसी में भी मरीज खुद को बेहद अस्वस्थ मानने लगते हैं। ऐसे में उनकी तबीयत में सुधार होने के बजाय और बिगड़ने लगती है। इस तरह की समस्याओं के बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी व ओपीडी टीम को काउंसलिंग की भी जिम्मेदारी दी गई है। चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक ओपीडी में फिजीशियन काउंसलिंग भी करेंगे। मरीजों का कोरोना डर दूर करने का प्रयास करेंगे। सुझाव देकर उनकी चिंता को भगाने की कोशिश करेंगे। इमरजेंसी में भी जो टीम मौजूद होगी, वह ऐसे ही मरीजों की काउंसलिंग करेगी।
जिला सर्विलांस अधिकारी डा. डीके प्रेमी ने बताया कि काउंसलिंग से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। मरीज को बीमारी बढ़ने का डर रहता है। कोरोना वायरस की चपेट में नहीं होने के बावजूद उसे डर सताता है। ऐसे में काउंसलिंग कर उसे मानसिक रूप से भी स्वस्थ करने का प्रयास किया जाएगा। आशंकित नजर आने पर उसकी कोरोना जांच भी होगी।
अपनाएं कुछ जरूरी बातें (मनोचिकित्सक डा. धनंजय, जिला स्वास्थ्य विभाग)
– सुबह जल्द उठकर ताजी हवा में सैर करें
– हल्का व्यायाम भी बेहतर होगा
– मेडिटेशन के जरिए तनाव को कर सकते हैं दूर
– सुबह के वक्त एक बार खुलकर हंसें, अच्छा महसूस करेंगे
– परिवार के साथ हल्की-फुल्की मस्ती करके भी खुश रह सकते हैं
– मामूली बीमारी से चिंतित न हों, चिकित्सक से सलाह लें
– पर्याप्त नींद लें, ताजा भोजन और फल का सेवन करें
– चिंता बढ़ाने वाली कोरोना न्यूज से दूर रहें, बस सचेत रहें
– कोरोना प्रोटोकाल के नियमों को दिनचर्या में शामिल करें
