Hamirpur News : युवती के आसपास बाइक घुमाने को लेकर चली चाकू, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
हमीरपुर में युवती के आसपास बाइक घुमाने को लेकर चली चाकू।
हमीरपुर के मौदहा में शादी समारोह में युवती के आसपास बाइक घुमाने को लेकर चाकू चल गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हमीरपुर, अमृत विचार। मौदहा थानाक्षेत्र में बुधवार रात शादी समारोह में शामिल होने आई युवती के आसपास शराब के नशे में दो मनचले बाइक घुमाने लगे। युवती के परिजनों द्वारा मना करने पर मनचलों में एक युवक पर चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में हमला करने वाले एक मनचले ने खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
कस्बे के मोहल्ला साजन तालाब में दो मनचले रोहित और ज्ञान सिंह शादी समारोह में आई युवती के इर्द गिर्द बाइक घुमाने लगे।जिसका मोहल्ला निवासी संजय पुत्र स्वामीदीन ने विरोध किया तो दोनों मनचलों रोहित और ज्ञान सिंह ने संजय पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में रोहित ने स्वयं अपना हाथ चाकू से काट लिया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी को इलाज के लिए कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से संजय को गंभीर चोंटों के चलते कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है और दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
