बलरामपुर : घर के पास खेल रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला, बच्ची हुई घायल

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, बलरामपुर । सहेलियों के साथ घर के पास खेल रही सात वर्षीय बच्ची तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची का इलाज संयुक्त जिला चिकित्सालय में चल रहा है। घटना स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत भांभर वन रेंज स्थित कुशमहर गांव में बुधवार रात लगभग नौ बजे हुई है। घटना से आसपास के आधा दर्जन गांवों में दहशत है। आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुआ पकड़ने को पिंजरा लगाने की मांग की है।

कुशमहर निवासी रामलाल थारू की पुत्री रागिनी घर के पास पड़ोसी बच्चों के साथ खेल रही थी। अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ उसे जबड़े में जकड़ कर गांव के पूरब जंगल की ओर भाग निकला। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने तेंदुए का पीछा किया। तेंदुआ रागिनी को गांव के बाहर छोड़कर गुम हो गया। रागिनी के गले में गंभीर घाव थे। वह बेहोशी की हालत में थी। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा गए। हालत गंभीर देख कर चिकित्सक ने उसे संयुक्त जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

रागिनी की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। राम बहोर, भिखारी, संतराम, बुद्धि लाल, रामचंद्र आदि ने बताया कि भांभर क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। लोग अब खेत में जाने से कतराते हैं। कोई भी व्यक्ति अपने बच्चों को खेत में अकेला नहीं जाने देता है। साल भर के बीच भांभर क्षेत्र में तेंदुए के हमले में तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। वन विभाग तेंदुआ पकड़ने का इंतजाम नहीं कर रहा है। कुशमहर गांव में हुई घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सभी गांव जंगल से सटे हैं, जहां रहने वाले लोगों में वनवासियों की संख्या अधिक है। गुरुवार को अधिकांश बन वासियों ने भयवश स्कूल नहीं भेजा है।

क्षेत्रीय वन अधिकारी कोटेश त्यागी ने बताया कि घटनास्थल पर तेंदुए के पद चिन्ह पाए गए हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। बच्ची का इलाज कराने के लिए अभिभावक को निजी मद से पांच हजार रुपए की सहायता दी गई है, जिससे वह अपनी बेटी का इलाज करा सके।

ये भी पढ़ें - सीतापुर : छत से गिरकर रातभर तड़पता रहा युवक, हुई मौत

संबंधित समाचार