UP Nikay Chunav: Farrukhabad में वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप, भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया हंगामा, ये नारे लगाए
UP Nikay Chunav 2023 फर्रुखाबाद में भाजपा जिलाध्यक्ष ने हंगामा किया।
UP Nikay Chunav 2023 फर्रुखाबाद में भाजपा जिलाध्यक्ष ने वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके साथ ही काउंटिंग स्थल के पास धरना भी दिया। प्रशासन मुर्दाबाद व आरओ चोर है के लगाए नारे, काउंटिंग रूकी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। नगर पालिका सदर की मतगणना में वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने काउंटिंग स्थल पर हंगामा कर दिया। आरओ पर बसपा प्रत्याशी को जिताने के लिए 138 की जगह 200 वोट दिखाने का आरोप लगाया। समर्थकों के साथ वहीं पर धरने पर बैठकर आरओ चोर है के नारे लगाने जगे। इससे काउंटिंग बंद हो गई। डीएम व एसपी ने वार्ता कर वोटों की संख्या लिखी जाने वाली लिस्ट दिखाई। इसके बाद करीब काउंटिंग दोबारा से चालू हुई। इस हंगामा के बीच करीब 40 मिनट तक काउंटिंग बंद बनी रही।
नगर पालिका सदर से भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की मां सुषमा गुप्ता भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ी है। काउंटिंग के प्रथम चरण से लेकर तीसरे चरण तक बसपा प्रत्याशी निवर्तमान चेयरमैन वत्सला अग्रवाल आगे चल रही रही है। तीसरे चरण में बसपा प्रत्याशी को 16617 वोट मिले, सपा प्रत्याशी एकता सिंह को 15165, भाजपा प्रत्याशी सुषमा गुप्ता को 14384 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी मुमताज बेगम को 482 वोट मिले हैं। बसपा प्रत्याशी लगातार आगे चल रही है। तीसरे चरण के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरओ पर बसपा प्रत्याशी को जिताने के लिए वोटों की गिनती में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि बसपा प्रत्याशी को एक बूथ पर 138 वोट मिले, जबकि लिस्ट में दो सौ वोट अंकित कर दिए गए। भाजपा प्रत्याशी के पुत्र जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने हंगामा कर दिया। आरओ को खरीखोटी सुनाने लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरओ चोर है के नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे आरओ ने काउंटिंग को बंद करा दिया। सीओ अमृतपुर रविंद्र नाथ राय ने समझाने का प्रयास किया तो गुस्साएं भाजपा नेताओं ने उनको खरीखोटी सुनाकर धरने पर बैठ गए।
शोर शराबा और हंगामा होता देखकर डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा ने भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत किया। उन्होंने समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने जिलाध्यक्ष व उनके समर्थकों को सीट पर अंकित किए गए सभी प्रत्याशियों के मिले वोट दिखाएं। इसके बार भाजपा जिलाध्यक्ष व समर्थक शांत हुए। तब 40 मिनट पर काउंटिंग शुरू कराई गई।
