लखीमपुर में नगर पालिका की तीन और नगर पंचायतों की दो सीटों पर खिला कमल
लखीमपुर पालिका सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी इरा जीती, गोला, मोहम्मदी और पलिया में खिला कमल
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। निकाय चुनाव में भाजपा का परचम लहराया है। हालांकि भाजपा को लखीमपुर नगर पालिका सीट पर करारी हार मिली है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी इरा ने जीत दर्ज कराई है। पलिया में केबी गुप्ता और मोहम्मदी सीट पर भाजपा के संदीप मेहरोत्रा दूसरी बार चुनाव जीत गए हैं। वहीं गोला सीट पर भाजपा के विजय शुक्ला उर्फ रिंकू चुनाव जीत गए हैं। भाजपा को नगर पंचायतों में करारी हार मिली है। नगर पंचायत की आठ सीटों में से भाजपा सिर्फ दो सीटें जीत सकी है। खीरी टाउन सीट सपा के खाते में चली गई।
जिले की चार नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सभासद पदों के लिए चार मई को मतदान हुआ था। शहर की राजापुर स्थित मंडी समिति में शनिवार को मतगणना शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाअों के बीच मतगणना करीब दो घंटे देरी से शुरू हुई। शाम तक सभी चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। जिले की खास लखीमपुर नगर पालिका परिषद सीट पर भाजपा को करारी हार मिली।
भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ीं डॉ. इरा श्रीवास्तव चुनाव जीत गई। उन्होंने सपा की निकटतम प्रतिद्वंदी रमा मोहन बाजपेई को 22851 मतों से पराजित कर दिया। भाजपा की पुष्पा को 13859 मत पाकर संतोष करना पड़ा। गोला में भाजपा के विजय कुमार उर्फ रिंकू शुक्ला ने 9226 मत पाकर निर्दलीय प्रत्याशी मीनाक्षी अग्रवाल को 846 वोटों से पराजित कर दिया।
विजय कुमार उर्फ रिंकू को 9286 मत मिले। पलिया में भाजपा के केबी गुप्ता ने 9942 मत पाकर सपा के महमूद को 2552 मतों से हरा दिया। मोहम्मदी में संदीप मेहरोत्रा 13521 वोट पाकर विजयी हुए, जबकि सपा के कार्तिक तिवारी को 11107 मत मिले। नगर पंचायत की नवसृजित निघासन सीट पर भाजपा के बद्री प्रसाद चुनाव जीते। उन्होंने 5172 मत प्राप्त कर सपा के रमेश को 3186 मतों के अंतर से पराजित किया।
मैलानी में कीर्ति माहेश्वरी ने सपा की अनीता को 71 मतो से शिकस्त दी। कीर्ति माहेश्वरी को 2117 और अनीता को 2046 मत मिले। धौरहरा में निर्दलीय प्रत्याशी नफीस खां ने 5304 मत पाकर 1064 मतों से करारी शिकस्त दी। शंभू को 4240 मत मिले। सिंगाही में भाजपा के उत्तम कुमार मिश्र को भी करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम ने 713 मतो के अंतर से पराजित किया।
नवसृजित नगर पंचायत भीरा में चारू शुक्ला के सिर पर पहला अध्यक्ष होने का ताज सिर पर बंध गया। उन्होंने भाजपा की राजकुमारी को 2173 मतों से हरा दिया। चारू शुक्ला को 5571 वोट मिले। बरबर में भी निर्दलीय प्रत्याशी संजय शर्मा को जीत मिली।
उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय नजरीन बानो को 249 मतों से हराया। यहां भाजपा प्रत्याशी कुलदीप 1421 मत पाकर तीसरे स्थान पर खिसक गए। अोयल में निर्दलीय प्रत्याशी प्रतिभा गौतम ने सपा की स्नेहलता को पराजित कर दिया। प्रतिभा गौतम को 1558 और स्नेहलता को 1549 वोट मिले। खीरी टाउन में सपा की उजमा में 4711 वोट पाकर जीत दर्ज कराई। यहां कांग्रेस की उस्मानिया खातून 4203 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। जबकि भाजपा प्रत्याशी माया देवी को 2846 वोट माकर तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिये गए।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: कार ने पहले बाइक में टक्कर मारी फिर अधिवक्ता पर चलाई गोली, मची अफरा-तफरी
